Himachal Sailor Death: ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध में हिमाचल प्रदेश के एक युवा नाविक की मौत हो गई है। ओमान तट के पास तेल टैंकर पर हुए हमले में हमीरपुर के आदित्य की मौत की खबर से परिवार सदमे में पड़ गया है। 24 वर्षीय आदित्य शर्मा गलोड़ क्षेत्र का निवासी था। वह तेल टैंकर पर डेक कैडेट के पद पर तैनात था।
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त तेल टैंकर पर 24 सदस्य थे, जिनमें से 21 को निकाल लिया गया था, जबकि बाकी तीन की जान चली गई। ओमान तट पर अमेरिकी नौसेना की कार्रवाई के दौरान तेल टैंकर को निशाना बनाया गया। जिसमें तीन भारतीयों की मौत हो गई व तेल टैंकर को भी भारी नुकसान हुआ है।
नवंबर 2025 में ज्वाइन की थी मर्चेंट नेवी
24 वर्षीय आदित्य शर्मा गलोड़ क्षेत्र के अंतर्गत हरेटा पंचायत के भालू गांव से संबंध रखता था। आदित्य शर्मा पुत्र राजेश कुमार शर्मा नवंबर 2025 में ही मर्चेंट नेवी ज्वाइन की थी। इस बीच युद्ध में उसकी जान चली गई।
जवान बेटे की मौत से घर में मातम
जवान बेटे की मौत की खबर आते ही घर में मातम पसर गया है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। आठ महीने पहले जो बेटा घर से परिवार के लिए कमाने निकला था, आज उसकी इस तरह से मौत होने की सूचना आई है।