होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

दिवाली के बाद हरियाणा की हवा बनी जानलेवा, देश के टॉप-10 प्रदूषित शहरों में प्रदेश के 6 शहर

दिवाली के बाद हरियाणा की हवा बनी जानलेवा, देश के टॉप-10 प्रदूषित शहरों में प्रदेश के 6 शहर

 

Haryana Air Pollution: दीपावली पर हुई आतिशबाजी का असर अगले ही दिन हरियाणा की हवा में साफ दिखा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नौ नवंबर के आंकड़ों के अनुसार देश के 15 सबसे प्रदूषित शहरों में प्रदेश के आठ शहर शामिल हैं। टॉप 10 शहरों में भी छह हरियाणा के हैं। बहादुरगढ़ 400 वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) के साथ देश में सबसे ऊपर रहा।

चरखी दादरी में 389 व रोहतक में 378 एक्यूआइ दर्ज हुआ। फरीदाबाद व पंचगांव में 350-350, कैथल में 347, गुरुग्राम में 345 और भिवानी में 340 रहा। सात व आठ नवंबर को अधिकांश शहरों व कस्बों में कुछ हद तक स्थिर रहा प्रदूषण स्तर नौ नवंबर को उछला। चरखी दादरी में एक्यूआइ 389 व रोहतक में 378 तक पहुंच गया।

गैर-एनसीआर क्षेत्र कैथल में एक ही दिन में 137 अंक बढ़ गया एक्यूआइ

गैर-एनसीआर जिले कैथल में स्थिति ज्यादा चिंताजनक रही। यहां दीपावली की शाम एक्यूआइ 210 था, जो अगले दिन 347 हो गया। गैर-धान बेल्ट के भिवानी में सात नवंबर को 290, आठ को 307 और नौ को 340 एक्यूआइ दर्ज किया गया। यहां लगातार तीन दिन से प्रदूषण बढ़ता जा रहा है।

हिसार और पानीपत में भी बढ़ा प्रदूषण का ग्राफ

हिसार में नौ नवंबर को 24 घंटे का औसत एक्यूआइ 291 रहा, जो खराब श्रेणी का है। टेक्सटाइल हब पानीपत में दीपावली बाद एक्यूआइ 286 पर पहुंच गया। दोनों शहरों में पीएम 2.5 मुख्य प्रदूषक रहा।

प्रदेश के 22 शहरों में पीएम 2.5 मुख्य प्रदूषक

प्रदेश के 25 में से 22 शहरों में पीएम 2.5 मुख्य प्रदूषक कण रहा। ये बारीक कण सांस के जरिये फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं। फतेहाबाद (138), पंचकूला (142), अंबाला (184) व पलवल (194) में वायु गुणवत्ता अपेक्षाकृत बेहतर रही। दीपावली पर हरियाणा में करोड़ों रुपये के पटाखों की बिक्री और आतिशबाजी हुई।

अंबाला और कुरुक्षेत्र में करीब पांच-पांच करोड़ रुपये के पटाखे चले, जबकि रोहतक में चार करोड़ और चरखी दादरी में तीन करोड़ रुपये के पटाखों की आतिशबाजी हुई। भिवानी में साढ़े तीन करोड़ रुपये से अधिक और कैथल में भी लाखों रुपये के पटाखे चले।


संबंधित समाचार