Karnataka Clashes: कर्नाटक के मांड्या में भगवान गणेश की प्रतिमा के विसर्जन के दौरान झड़प की खबर है। पुलिस ने बताया कि विसर्जन के दौरान सांप्रदायिक झड़पों के बाद मांड्या जिले के मद्दुर कस्बे में तनाव फैल गया। दूसरे समुदाय के उपद्रवियों की ओर से कथित तौर पर पथराव किए जाने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इससे इलाके में व्यापक अशांति फैल गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह झड़प तब शुरू हुई, जब लोग राम रहीम नगर में गणेश विसर्जन जुलूस में हिस्सा ले रहे थे। दोनों समुदायों के युवकों के बीच झड़पें हुईं, जिसके बाद पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा। पुलिस अधीक्षक मल्लिकार्जुन बालादंडी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि 7 सितंबर को गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान हुई सांप्रदायिक झड़पों के बाद मद्दुर कस्बे में स्थिति नियंत्रण में है। शहर में तनाव बढ़ने पर निषेधाज्ञा लागू कर दी गई और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। दरअसल, रविवार को राम रहीम नगर में गणेश विसर्जन जुलूस पर पथराव के बाद झड़पें शुरू हो गईं।
पथराव के बाद जुलूस में शामिल लोगों ने जवाबी कार्रवाई की
एक मस्जिद से लगभग 500 मीटर की दूरी पर शुरू हुए पथराव के बाद जुलूस में शामिल लोगों ने जवाबी कार्रवाई की। पुलिस ने आपस में भिड़ रहे दो समूहों को तितर-बितर करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया। बाद में हिंदू कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। मांड्या के पुलिस अधीक्षक मल्लिकार्जुन बालादंडी ने कहा कि दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। एक प्राथमिकी अपने आप दर्ज की गई है और दूसरी एक घायल व्यक्ति की शिकायत पर दर्ज की गई है। 21 लोगों को हिरासत में लिया गया है और आगे और गिरफ्तारियां होंगी। एसपी ने आगे कहा, 'सभी को छुट्टी दे दी गई है। एक व्यक्ति को चार टांके लगे हैं, बाकी सभी को मामूली चोटें आई हैं। आगे की हिंसा को रोकने के लिए इलाके में धारा 144 लगा दी गई है।'