IPL 2026, DC vs RR Match: दिल्ली कैपिटल्स, लुंगी एनगिडी आईपीएल 2026 के 43वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स को आत्मविश्वास से भरी राजस्थान रॉयल्स का सामना करना है। दिल्ली की टीम पिछले मैच में सिर्फ 75 रनों पर ऑलआउट हो गई थी। ऐसे में अक्षर पटेल की अगुआई वाली दिल्ली की टीम वापसी करना चाहेगी। लेकिन ये मुकाबला दिल्ली के लिए आसान नहीं रहने वाला है। दिल्ली की टीम अपने एक स्टार खिलाड़ी के बिना मैदान पर उतरेगी। ये खिलाड़ी पूरी तरह फिट है, लेकिन आईपीएल के एक नियम के चलते मुकाबला नहीं खेल पाएगा।
IPL के इस नियम के चलते नहीं खेल पाएगा ये खिलाड़ी
दरअसल, दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी सिर की चोट से पूरी तरह उबर चुके हैं और नेट्स पर बॉलिंग प्रैक्टिस भी शुरू कर दी है। लेकिन आईसीसी के कन्कशन संबंधी नियम के कारण वह राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाले मैच में खेलने के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। एंगिडी को 25 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान गंभीर चोट लगी थी। कैच लेने की कोशिश में वह सिर के बल गिर पड़े थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा था. हालांकि, अस्पताल से जल्दी डिस्चार्ज कर दिया गया था।
दिल्ली कैपिटल्स ने चोट के कारण लुंगी एनगिडी की जगह विपराज निगम को कन्कशन सब्स्टीट्यूट के रूप में प्लेइंग इलेवन में शामिल किया था। जून 2025 में लागू हुए आईसीसी के नए नियम के मुताबिक, कन्कशन की वजह से मैच मिस करने वाले खिलाड़ी को कम से कम 7 दिन तक क्रिकेट गतिविधियों से दूर रहना जरूरी है, ये नियम आईपीएल में भी माना जाता है। ऐसे में चोट 25 अप्रैल को लगी थी, इसलिए आज 1 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ एनगिडी खेल नहीं पाएंगे।
कौन पूरी करेगा लुंगी एनगिडी की कमी?
लुंगी एनगिडी दिल्ली के पिछले मैच का भी हिस्सा नहीं थे, जिसमें टीम को आरसीबी के खिलाफ बड़ी हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क उनकी कमी को पूरी कर सकते हैं। चोट के चलते स्टार्क ने अभी तक एक भी मैच नहीं खेला है। लेकिन वह अब पूरी तरह फिट हैं और माना जा रहा है कि राजस्थान के खिलाफ वह प्लेइंग 11 का भी हिस्सा होंगे।