होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

मौसम सुधरते ही दो दिन बाद फिर शुरू हुई चारधाम यात्रा, श्रद्धालुओं को मिली बड़ी राहत

मौसम सुधरते ही दो दिन बाद फिर शुरू हुई चारधाम यात्रा, श्रद्धालुओं को मिली बड़ी राहत

 

Char Dham Yatra: उत्तराखंड में मौसम में सुधार के बाद चारधाम यात्रा को फिर से सुचारू कर दिया गया है। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित जिलाधिकारी स्थानीय परिस्थितियों के हिसाब से यात्रा को लेकर फैसला ले सकते हैं। यात्रियों की सुरक्षा ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप ने चारधाम यात्रा को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर 26 सितंबर की दोपहर से 27 सितंबर 2026 तक चारधाम यात्रा स्थगित की गई थी। भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए ये फैसला लिया गया था। लेकिन अब मौसम की स्थिति में सुधार होने के बाद यात्रा को पुनः संचालित किया जा रहा है।

चार धाम यात्रा फिर से शुरू

आयुक्त ने कहा कि संबंधित जिलाधिकारी अपने जनपद की स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार यात्रा संचालन को लेकर निर्णय ले सकते हैं। यदि मार्ग अवरुद्ध होता है या अत्यधिक वर्षा और प्रतिकूल मौसम की स्थिति बनती है, तो जिलाधिकारी अपने स्तर से यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर सकते हैं।

चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन द्वारा मौसम और यात्रा मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। यात्रियों से भी अपील की गई है कि वो मौसम की जानकारी लेकर और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए ही यात्रा करें।

चिरबासा में फंसे श्रद्धालुओं को निकाला गया

वहीं, इससे पहले केदारनाथ यात्रा मार्ग पर चिरबासा क्षेत्र में भूस्खलन की वजह से करीब 1,500 श्रद्धालु फंस गए थे, जिन्हें सोमवार को सुरक्षित निकाल लिया गया। एसडीआरएफ अधिकारियों ने बताया कि रविवार देर रात फंसे श्रद्धालुओं को एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और जिला आपदा मोचन बल की संयुक्त टीमों ने सुरक्षित बचाया और उन्हें गौरीकुंड पहुंचा दिया गया है।

बयान के अनुसार, सोनप्रयाग पुलिस को सूचना मिली थी कि गौरीकुंड से करीब तीन किलोमीटर दूर चिरबासा क्षेत्र में भूस्खलन के कारण कई श्रद्धालु फंस गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन के कारण चिरबासा हेलीपैड के पास सड़क पर मलबा जमा हो गया था। पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण श्रद्धालुओं की आवाजाही बेहद जोखिमपूर्ण हो गई थी।

स्थिति का आकलन करने के बाद एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया। बचाव दलों ने सावधानीपूर्वक श्रद्धालुओं को भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र से पार कराया और उन्हें सुरक्षित दूसरी ओर पहुंचाने के बाद गौरीकुंड के लिए रवाना किया। रविवार तक चारधाम यात्रा स्थगित रही थी, लेकिन आज सोमवार को इसे फिर से शुरू कर दिया गया है।


संबंधित समाचार