Pakistan-Afghanistan War: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर तनाव एक बार फिर बढ़ गया है. शनिवार को दोनों देशों की सेनाओं के बीच एक बार फिर से गोलीबारी हो गई. इस गोलीबारी में सात पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हो गई. पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसकी जवाबी कार्रवाई में अफगान तालिबान के कई लड़ाके मारे गए और उनका एक सैन्य ठिकाना भी तबाह हुआ है.
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह टकराव दोनों देशों के बीच विवादित डूरंड रेखा के आसपास हुआ. पाकिस्तान और अफगानिस्तान ने एक-दूसरे पर पहले गोलीबारी शुरू करने का आरोप लगाया है. दोनों ओर से विरोधी पक्ष को नुकसान पहुंचाने के दावे भी किए गए हैं.
गोलीबारी शुरू करने को लेकर आमने-सामने दोनों देश
इस बीच पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारियों का आरोप है कि अफगान सीमा बलों ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कुर्रम जिले में पाकिस्तानी सैन्य चौकियों को निशाना बनाया. पाकिस्तान ने इसे बिना उकसावे की कार्रवाई बताया है और कहा है कि उसकी सेना ने इसका जवाब दिया. वहीं, दूसरी ओर अफगान सुरक्षा सूत्रों का दावा है कि गोलीबारी की शुरुआत पाकिस्तानी सैनिकों ने की थी.
उनके मुताबिक, पाकिस्तानी सेना विवादित सीमा क्षेत्र में अनुमति के बिना नई चौकियां स्थापित करने की कोशिश कर रही थी. अफगान पक्ष का कहना है कि उसके सैनिकों ने पाकिस्तानी गोलीबारी के जवाब में कार्रवाई की, जिसमें पाकिस्तान को भारी नुकसान हुआ है. फिलहाल, दोनों पक्षों के बयानों में विरोधाभास नजर आ रहा है. ऐसे में घटना की पूरी परिस्थितियों और हताहतों की संख्या को लेकर पुष्टि नहीं हुई है.
पाकिस्तानी सेना ने क्या दावा किया?
वहीं पाकिस्तानी अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार को हुई एक अन्य मुठभेड़ में अफगान तालिबान के कई लड़ाके मारे गए. अधिकारियों ने यह भी दावा किया कि जवाबी कार्रवाई के दौरान तालिबान का एक सैन्य ठिकाना नष्ट कर दिया गया. इस्लामाबाद का आरोप है कि अफगान सुरक्षा बल पाकिस्तान में घुसपैठ करने वाले आतंकवादियों की मदद कर रहे थे. पाकिस्तान लंबे समय से अफगानिस्तान में सक्रिय आतंकवादी समूहों पर अपनी जमीन के खिलाफ हमलों की साजिश रचने का आरोप लगाता रहा है. हालांकि, अफगान तालिबान प्रशासन इन आरोपों को खारिज करता रहा है.