AI Impact Summit 2026: AI इंपैक्ट समिट 2026 में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया था। जिसके बाद से बीजेपी लगातार कांग्रेस पर हमलावर है, इसी बीच दिल्ली पुलिस ने इंडियन यूथ कांग्रेस के प्रेसिडेंट उदय भानु चिब को गिरफ्तार किया है। अभी तक 7 कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी हुई है, 20 फरवरी को भारत मंडपम में 11 कार्यकर्ताओं ने शर्टलेस प्रोटेस्ट किया था। उनकी गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस ने विरोध जताया है।
उनकी गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस पार्टी ने इसका कड़ा विरोध जताया है. सीनियर लीडर और पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने इसे तानाशाही बताया और कहा कि मैं IYC के नेशनल प्रेसिडेंट भाई उदय भानु चिब जी और दूसरे युवा साथियों की दिल्ली पुलिस द्वारा गैर-कानूनी गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करता हूं। सरकार यह भूल रही है कि डेमोक्रेसी में युवाओं का आवाज उठाना, सवाल पूछना और प्रोटेस्ट करना कोई जुर्म नहीं है, यह डेमोक्रेसी का सबसे मजबूत हथियार है।
लोकतंत्र पर है सीधा हमला
एक पोस्ट में लिखते हुए कहा कि हमारे युवा कांग्रेस वर्कर्स ने बिना किसी हिंसा या उकसावे के शांति से युवाओं की तकलीफ को सामने लाया लेकिन सरकार इसे दबाने के लिए पुलिसिया दमन का सहारा ले रही है। यह कार्रवाई न केवल गैरकानूनी है बल्कि बोलने की आजादी और लोकतंत्र पर सीधा हमला भी है।
यूथ कांग्रेस ने किया था प्रदर्शन
20 फरवरी को दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित AI Impact Summit 2026 में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कड़ा प्रदर्शन किया था, उन्होंने सुरक्षा घेरा पार करके शर्ट उतार कर प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया था। जिसके बाद से बीजेपी लगातार हमलावर है। प्रदर्शन के तुरंत बाद दिल्ली के पर्यावरण मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना सधाते हुए कहा था कि राहुल गांधी जी ने आज जो इंडियन नेशनल यूथ कांग्रेस से एआई समिट में प्रोटेस्ट करवाया। वे कपड़े उतारकर विदेशी मेहमानों के सामने, दुनिया भर से लोग जो एआई समिट में पहुंचे हैं, उनके सामने जो यह नंगा नाच किया, यह बहुत ही शर्मसार है।