The Bonus Market Update:हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को शेयर बाजार लाल निशान पर खुला। वहीं पिछले दिन शुक्रवार को 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 325.72 अंक उछलकर 74,532.96 अंक पर बंद हुआ था, जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 112.35 अंक की बढ़त के साथ 23,114.50 पर बंद हुआ था। भारतीय शेयर बाजार सोमवार को बड़ी गिरावट के साथ खुला। शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,555.62 अंक या 2 प्रतिशत गिरकर 72,977.34 पर आ गया। वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 479.95 अंक या 2 प्रतिशत गिरकर 22,634.55 पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 41 पैसे गिरकर रिकॉर्ड निचले स्तर 93.94 पर आ गया।
अजय बग्गा के मुताबिक, हालात तेजी से एस्केलेशन की ओर बढ़ रहे
बैंकिंग और मार्केट एक्सपर्ट अजय बग्गा के मुताबिक, हालात तेजी से एस्केलेशन की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे निवेशकों में घबराहट साफ दिख रही है। अजय बग्गा ने कहा कि हफ्ते की शुरुआत बेहद अस्थिर माहौल में हुई है और निवेशक जोखिम वाले एसेट्स से पैसा निकालकर डॉलर जैसी सुरक्षित जगहों की ओर जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अमेरिकी मनी मार्केट फंड्स का एयूएम 8 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच चुका है, जो इस सेफ्टी फ्लाइट को दर्शाता है।
वैश्विक संकेत बेहद कमजोर रहे और एशियाई बाजारों में भारी बिकवाली देखी गई
वैश्विक संकेत बेहद कमजोर रहे और एशियाई बाजारों में भारी बिकवाली देखी गई। जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 4% से ज्यादा गिरकर 51,280 पर आ गया। सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स 2.20% गिरकर 4,839 पर, हांगकांग का हैंगसेंग 3.41% टूटकर 24,415 पर बंद हुआ। ताइवान का वेटेड इंडेक्स 2.65% गिरा, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी 6% से ज्यादा लुढ़क गया। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए थे। डाउ जोन्स 0.96% गिरकर 45,577 पर बंद हुआ, S&P 500 में 1.51% की गिरावट रही और नैस्डैक 2% टूटकर 21,647 पर आ गया। विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक पश्चिम एशिया में तनाव कम नहीं होता, तब तक वैश्विक बाजारों में अस्थिरता और दबाव बना रह सकता है।