Prashant Kishor News: बांकीपुर में होने वाले उपचुनाव के बीच जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) को बड़ा झटका लगा है। केसी सिन्हा (KC Sinha) सहित जन सुराज पार्टी (Jan Suraj Party) के कई नेताओं ने बुधवार (15 जुलाई, 2026) को बीजेपी का दामन थाम लिया। पटना स्थित बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में मिलन समारोह का आयोजन किया गया था।
कुम्हरार से प्रत्याशी थे केसी सिन्हा
2025 के बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान केसी सिन्हा को जन सुराज ने कुम्हरार विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया था। अब केसी सिन्हा ने बीजेपी का दामन थाम लिया है। केसी सिन्हा के अलावा जन सुराज के मनेर विधानसभा से प्रत्याशी रह चुके गोपाल सिंह भी बीजेपी में शामिल हुए हैं। इनके अलावा जन सुराज के दीघा विधानसभा से प्रत्याशी रहे बिट्टू सिंह ने भी बीजेपी का दामन थाम लिया है। इनके साथ बड़ी संख्या में आए जन सुराज के कार्यकर्ता भी बीजेपी में शामिल हुए।
बता दें कि कुछ दिनों पहले ही दीघा विधानसभा से प्रत्याशी रहे बिट्टू सिंह ने एक पत्र जारी कर जानकारी दी थी कि उन्होंने जन सुराज से अलग होने का फैसला किया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि वे बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी के प्रत्याशी का समर्थन करेंगे।
ऐसे समय में छोड़ी पार्टी, जब पीके खुद लड़ रहे हैं चुनाव
इन नेताओं के पार्टी छोड़ने से जन सुराज को उपचुनाव में कितना नुकसान होगा, यह चुनाव परिणाम आने के बाद ही स्पष्ट होगा। 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार रहे ये तीनों नेता चुनाव हार गए थे। अब ऐसे समय में इन्होंने बीजेपी का दामन थामा है, जब प्रशांत किशोर खुद बांकीपुर से चुनाव लड़ रहे हैं। वे जन सुराज के उम्मीदवार हैं। खबर लिखे जाने तक पार्टी छोड़ने के मामले पर जन सुराज की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।