Mughalsarai Kali Mata Temple Case: चंदौली के मुगलसराय स्थित चर्चित काली माता मंदिर ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान हादसा होने से हुई मजदूर की मौत के मामले में अब राजनीति शुरू हो गई है। मृतक के घर नेताओं का आना शुरू हो गया है। यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मृतक बलदेव के परिजनों से घर पहुंचकर मुलाकात की है। इस दौरान उन्होंने इस घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा और पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग की है।
दरअसल, बीते 10 जुलाई को चंदौली के मुगलसराय स्थित प्राचीन काली माता मंदिर के ध्वस्तीकरण के दौरान मंदिर का शिखर ढहने से हादसा हो गया था। इस हादसे में एक निजी कंपनी के संविदा कर्मचारी बलदेव की मृत्यु हो गई थी। आज यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मृतक के बड़े भाई नथुनी यादव से मुलाकात की और ढाढ़स बंधाने का काम किया।
बीजेपी दिखावटी सनातनी है - अजय राय
वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मंदिर तोड़े जाने की घटना को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। अजय राय ने आरोप लगाया कि बीजेपी केवल दिखावटी सनातनी है और सैकड़ों वर्ष पुराने काली माता मंदिर को इन लोगों ने तुड़वा दिया। यह भी आरोप लगाया कि यदि प्रशासन ने सावधानीपूर्वक कार्य किया होता, तो बलदेव की जान नहीं जाती।
अजय राय ने मेरठ की घटना का किया जिक्र
इसके अलावा, अजय राय ने मेरठ की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हाई-लेवल डेलिगेशन मेरठ जा रहा है। साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि एसएसपी द्वारा वैन में थप्पड़ मारने की घटना पूरे देश ने देखी है।
क्या है मुगलसराय का काली माता मंदिर कांड?
दरअसल, चंदौली के मुगलसराय में सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत 150 साल पुराने काली माता मंदिर के ध्वस्तीकरण का कार्य चल रहा था। यहां ध्वस्तीकरण अभियान में एक कर्मचारी की मौत हो गई थी। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय मृतक के परिवार से मुलाकात के लिए पहुंचे थे।