होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

लखनऊ में STF का बड़ा एक्शन, ₹1 लाख का इनामी बदमाश संजय एनकाउंटर में ढेर

लखनऊ में STF का बड़ा एक्शन, ₹1 लाख का इनामी बदमाश संजय एनकाउंटर में ढेर

 

Lucknow STF Sanjay Encounter: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में यूपी एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी संजय उर्फ संजीव को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। यह एनकाउंटर इंदिरा कैनाल रोड पर हुआ। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हुए संजय को इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, संजय उर्फ संजीव अंबेडकरनगर जिले का रहने वाला था और लंबे समय से कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर लखनऊ पुलिस आयुक्त की ओर से एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसटीएफ के अनुसार, वह लखनऊ के चर्चित बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर था।

बिल्डर संदीप सिंह की गोली मारकर की गई थी हत्या

27 मई 2026 को लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में बिल्डर संदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड की जांच में सामने आया कि वारदात को पुरानी रंजिश और जमीन विवाद के चलते अंजाम दिया गया था। एसटीएफ की जांच में यह भी खुलासा हुआ कि संदीप सिंह की हत्या के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी गई थी।

इस मामले में कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि मुख्य शूटर संजय उर्फ संजीव पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। शनिवार सुबह इंदिरा कैनाल रोड पर एसटीएफ को उसकी लोकेशन मिली। इसके बाद टीम ने इलाके की घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की। पुलिस का दावा है कि इस दौरान संजय ने एसटीएफ टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया। बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

कई जिलों में दर्ज थे हत्या समेत गंभीर मामले

संजय उर्फ संजीव अंबेडकरनगर के कोदार गांव का निवासी था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ अंबेडकरनगर, बस्ती और अयोध्या समेत कई जिलों में हत्या, रंगदारी और अन्य गंभीर अपराधों के कई मुकदमे दर्ज थे।

पुलिस का दावा है कि संजय का संबंध अंबेडकरनगर के कुख्यात अपराधी दिलीप वर्मा और खान मुबारक गैंग से था। वह गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर कई बड़ी वारदातों को अंजाम दे चुका था। एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, वह लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।

इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड दिनेश यादव को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब मुख्य शूटर संजय उर्फ संजीव के एनकाउंटर के बाद पुलिस ने इसे इस मामले में बड़ी सफलता बताया है। हालांकि, मुठभेड़ की विस्तृत जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है।


संबंधित समाचार