Nand Lal MLA Death: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले की रामपुर विधानसभा सीट से विधायक नंद लाल का मंगलवार, 3 नवंबर 2026 को निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद रामपुर क्षेत्र में शोक का माहौल है। नंद लाल 72 वर्ष के थे। नंद लाल ने सरकारी सेवा से राजनीति तक का सफर तय किया था। चुनावी राजनीति में आने से पहले उन्होंने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में अपनी सेवाएं दी थीं। इसके अलावा उन्हें विशेष सुरक्षा समूह (SPG) में भी काम करने का अनुभव था। सरकारी सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद उन्होंने कांग्रेस के माध्यम से राजनीति में प्रवेश किया।
2007 में पहली बार बने विधायक
नंद लाल ने वर्ष 2007 में रामपुर विधानसभा क्षेत्र से अपना पहला चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी बृज लाल को 6,470 मतों से पराजित किया। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने 9,471 मतों के अंतर से जीत हासिल की। 2017 में भी वह 4,037 मतों से विजयी रहे। वर्ष 2022 के चुनाव में मुकाबला काफी करीबी रहा और उन्होंने 567 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। इस तरह नंद लाल लगातार चार विधानसभा चुनाव जीतकर रामपुर का प्रतिनिधित्व करते रहे।
सुरक्षा बल से राजनीति तक का सफर
नंद लाल का जन्म 16 अप्रैल 1954 को रामपुर बुशहर के देवठी में हुआ था। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की थी। शिक्षा के बाद उन्होंने आईटीबीपी में सेवाएं शुरू कीं। सुरक्षा क्षेत्र में काम करने के दौरान वह कमांडो दल और SPG से भी जुड़े रहे। बाद में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर उन्होंने सार्वजनिक जीवन और राजनीति में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू की।
सरकार और विधानसभा में निभाईं अहम जिम्मेदारियां
विधायक बनने के बाद नंद लाल को वर्ष 2013 में मुख्य संसदीय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। विधानसभा में भी उन्होंने अलग-अलग समितियों के माध्यम से काम किया। वर्ष 2022 में चौथी बार चुनाव जीतने के बाद उन्हें विधानसभा की कल्याण समिति का अध्यक्ष बनाया गया। इसके बाद मार्च 2024 में प्रदेश सरकार ने उन्हें सातवें राज्य वित्त आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया। इस पद के साथ उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी प्रदान किया गया था।
नंद लाल को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के करीबी नेताओं में गिना जाता था। रामपुर विधानसभा क्षेत्र में उनका राजनीतिक सफर करीब डेढ़ दशक से अधिक समय तक सक्रिय रहा। उनके निधन से रामपुर ने अपने लंबे समय तक प्रतिनिधित्व करने वाले जनप्रतिनिधि को खो दिया है।
नंद लाल के निधन पर रामपुर में अंतरराष्ट्रीय लवी मेला की पूर्व निर्धारित गतिविधियां स्थगित
रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंद लाल के आकस्मिक निधन पर उपमंडल प्रशासन रामपुर बुशहर ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रशासन ने उनके निधन को रामपुर क्षेत्र और समस्त प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
उपमंडलाधिकारी (नागरिक) हर्ष अमरेंद्र सिंह ने कहा कि नंद लाल अपने सार्वजनिक जीवन में क्षेत्र के विकास और समाज के प्रति समर्पित रहे। उनके योगदान और क्षेत्र के विकास के लिए किए गए कार्यों को सदैव याद किया जाएगा।
प्रशासन की ओर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की गई हैं। साथ ही ईश्वर से परिवारजनों और शुभचिंतकों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की गई है। नंद लाल के निधन के चलते प्रशासन ने मंगलवार, 3 और 4 नवंबर 2026 को अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 के तहत आयोजित होने वाली पूर्व निर्धारित गतिविधियों को स्थगित कर दिया है।
विधायक नंद लाल की अंतिम यात्रा आज
रामपुर विधानसभा क्षेत्र के दिवंगत विधायक एवं सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंद लाल को मंगलवार को अंतिम विदाई दी जाएगी। उनकी अंतिम यात्रा और श्रद्धांजलि कार्यक्रम को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रामपुर बुशहर ने पूरा कार्यक्रम जारी किया है।
कार्यक्रम के अनुसार, मंगलवार सुबह 10 बजे उनके पार्थिव शरीर को शिमला स्थित राजीव भवन में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। यहां कांग्रेस के पदाधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग अपने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे।
दोपहर 2 बजे भेरा खंड में जुटेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से दोपहर 2 बजे भेरा खंड (बिथल) में एकत्रित होने का आग्रह किया है। यहां से दिवंगत विधायक की अंतिम यात्रा रामपुर बुशहर स्थित सर्किट हाउस के लिए रवाना होगी।
सर्किट हाउस में 3 बजे दी जाएगी श्रद्धांजलि
रामपुर के सर्किट हाउस में दोपहर 3 बजे श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस के नेता, कार्यकर्ता और क्षेत्र के लोग नंद लाल को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे और उनके सार्वजनिक जीवन में दिए गए योगदान को याद करेंगे।
शाम 5 बजे पैतृक गांव देवठी ले जाया जाएगा पार्थिव शरीर
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शाम 5 बजे दिवंगत विधायक का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव देवठी ले जाया जाएगा। वहीं उनके अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न होगी। नंद लाल के निधन से रामपुर क्षेत्र में शोक का माहौल है। लगातार चार बार विधायक रहे नंद लाल की अंतिम विदाई में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।