होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

शाहरुख की फिल्म 'पठान' की तूफानी दस्तक,फैंस में जबरदस्त उत्साह,तालियों और सीटियों से गूंजा सिनेमाघर

शाहरुख की फिल्म 'पठान' की तूफानी दस्तक,फैंस में जबरदस्त उत्साह,तालियों और सीटियों से गूंजा सिनेमाघर

 

बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान की फिल्म ‘पठान' दमदार ओपनिंग के साथ रिलीज हो चुकी है। फिल्म  के खिलाफ देशभर में जारी अभियान के बावजूद बुधवार को सिनेमाघरों के बाहर पठान को देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ नजर आई। यह फिल्म बुधवार सुबह भारत में 5000 स्क्रीन पर रिलीज की गई।

फिल्म जगत से जुड़े लोग न सिर्फ शाहरुख के लिए बल्कि हिंदी सिनेमा पर छाए काले बादल हटाने के लिए भी फिल्म से काफी उम्मीदें लगाए हुए हैं। दिल्ली-एनसीआर और मुंबई सहित कई शहरों में सुबह छह और सात बजे फिल्म का पहला शो चलाया गया। ऐसे में फिल्म शुरू होते के साथ ही सिनेमाघर में सीटियां और तालियों की गड़गड़ाहट सुनाई दी।

दर्शकों से भरे आईएमक्स थिएटर में हो हल्ले से ऐसा लगा कि सुपरस्टार की वापसी हो गई है। शो शुरू होते ही पर्दे पर ‘पठान’ का सीबीएफसी प्रमाण पत्र प्रदर्शित होते ही लोगों ने तालियां बजाना शुरू कर दिया और यह उत्साह अगले दो घंटे 26 मिनट तक जारी रहा।

वहीं, पर्दे पर जॉन अब्राहम की एंट्री पर लोगों ने काफी तालियां बजाई लेकिन उनका उत्साह शाहरुख की एंट्री पर अधिक हो गया। शाहरुख के पहले संवाद ‘‘जिंदा है’’ ने लोगों का दिल जीत लिया। इसके साथ ही ‘‘अपनी कुर्सी की पेटी बांध लो, मौसम बिगड़ने वाला है’’ पर भी लोगों ने काफी तालियां बजाई। वहीं विवादों में रहे गीत ‘बेशरम रंग’ के साथ ही फिल्म में दीपिका बड़े पर्दे पर पहली बार नजर आईं।

सिनेमाघर में मध्यांतर तक यही जोश बरकरार रहा। फिल्म के दोबारा शुरू होने पर सलमान खान की एंट्री ने लोगों का दिल जीता और सिनेमाघर तालियों और सीटियों के शोर से गूंज उठा। फिल्म के अंत में शाहरुख के संवाद ‘‘पार्टी पठान के घर रखोगे तो मेहमान नवाज़ी के लिए पठान तो आएगा और पटाखे भी लाएगा’’ ने एक बार फिर लोगों में जोश भरा।

बता दें कि फिल्म निर्माण कंपनी ‘यशराज फिल्म्स’ के बैनर तले बनी इस फिल्म में शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म गीत ‘बेशरम रंग’ को लेकर काफी विवादों में आ गई थी।
 


संबंधित समाचार