होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

Uttam Ngar Eid: दिल्ली के उत्तम नगर में भारी सुरक्षा के बीच ईद, चप्पे-चप्पे पर हाई सिक्योरिटी

Uttam Ngar Eid: दिल्ली के उत्तम नगर में भारी सुरक्षा के बीच ईद, चप्पे-चप्पे पर हाई सिक्योरिटी

 

Uttam Ngar Clash: ईद-उल-फितर को लेकर राजधानी में सुरक्षा इंतजाम तेज कर दिए गए हैं। इसके मद्देनजर दिल्ली के द्वारका और खासतौर पर उत्तम नगर क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है, अतिरिक्त पिकेट पॉइंट बनाए गए हैं और संवेदनशील इलाकों पर निगरानी मजबूत कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि ईद के मौके पर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है, ताकि लोग त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में मना सकें। हाल ही में होली के दिन 26 साल के युवक तरुण खटीक की हत्या के बाद इलाके में फैले साम्प्रदायिक तनाव को देखते हुए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।

दिल्ली हाईकोर्ट ने पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था सख्त रखने के निर्देश दिए हैं। हाईकोर्ट ने पुलिस को यह भी निर्देश दिया कि वे ऐसी व्यवस्था करें जिससे सभी को सुरक्षा और संरक्षा का अहसास हो। साथ ही, अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि समाज के किसी भी वर्ग के किसी भी व्यक्ति को ऐसी कोई भी गतिविधि करने की अनुमति न दी जाए जिससे अप्रिय स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

उत्तम नगर में चप्पे- चप्पे पर पुलिस बल तैनात

बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत एक मामूली घटना से हुई थी, जब एक बच्ची द्वारा फेंके गए पानी के गुब्बारे का पानी दूसरे समुदाय के पड़ोसी परिवार की महिला पर जा गिरा। इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि हिंसा में तब्दील हो गया और युवक की जान चली गई। पुलिस के अनुसार, ईद के मद्देनजर द्वारका जिले में 100 से अधिक पिकेट पॉइंट्स बनाए गए हैं। संवेदनशील इलाकों, खासकर हस्तसाल गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसी जगह यह घटना हुई थी। छतों पर निगरानी (रूफटॉप सर्विलांस) के साथ-साथ लगातार पैदल और वाहन गश्त की जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। पुलिल धार्मिक स्थलों, ईदगाहों पर कड़ी नजर बनाए हुए है।

14 लोगों की हुई थी गिरफ्तारी

बता दें, उत्तम नगर में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने दोनों समुदायों से जुड़े 14 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस दौरान सोशल मीडिया पर धमकी भरे और भड़काऊ संदेशों की गतिविधियां भी बढ़ गई हैं, जिससे लोगों की चिंता और असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है।


संबंधित समाचार