Aaj Ka Mausam: देश के एक बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है. भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है क्योंकि मॉनसून अपनी पुरानी रफ्तार में तेजी से आगे बढ़ रहा है. मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का बड़ा अलर्ट जारी किया है.
क्या कहते हैं वैज्ञानिक
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मॉनसून की उत्तरी सीमा इस समय हरनाई, सोलापुर, कलबुर्गी, नंद्याल, चेन्नई और सिलिगुड़ी से होकर गुजर रही है. आने वाले चार से पांच दिनों में इसके महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा में पूरी तरह छा जाने की उम्मीद है. इसके प्रभाव से दक्षिण और पूर्वी भारत में जहां जोरदार बारिश शुरू हो गई है, वहीं उत्तर भारत के लोगों को तपती गर्मी से बड़ी राहत मिलने वाली है.
दिल्ली-एनसीआर सहित यूपी में आंधी का संकट
उत्तर भारत के मैदानी और पहाड़ी इलाकों में 11 और 12 जून को मौसम में एक बहुत बड़ा बदलाव देखने को मिलने वाला है. देश की राजधानी दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा में इन दो दिनों के दौरान 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी आंधी चलने की आशंका है, जिसके साथ तेज बारिश भी होगी. इसके बाद भी राहत नहीं मिलेगी और 13 से 16 जून के बीच धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा.
उत्तर प्रदेश की बात करें तो लखनऊ समेत पूरे राज्य में 11 से 16 जून के बीच झमाझम बारिश के आसार बने हुए हैं. मौसम विभाग ने विशेष रूप से 12 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ओले गिरने और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने की चेतावनी दी है.
राजस्थान में धूल का गुबार
राजस्थान के लोगों के लिए आने वाले दिन काफी सतर्क रहने वाले हैं. जयपुर सहित पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के तमाम इलाकों में 11 से 13 जून के बीच भयंकर आंधी चलने और धूल का गुबार छाए रहने की आशंका जताई गई है. इसके बाद 14 से 16 जून के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं जिससे तापमान में गिरावट आएगी.
पहाड़ों पर ओलावृष्टि की चेतावनी
दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में 11 और 12 जून को व्यापक स्तर पर भारी बारिश होने की संभावना है. पहाड़ों पर जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए इन दो दिनों में भारी ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है, जिससे यातायात बाधित हो सकता है.