होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

पश्चिम एशिया में जारी तनाव से सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट, जानिए आज का अपडेट

पश्चिम एशिया में जारी तनाव से सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट, जानिए आज का अपडेट

 

Gold Silver Rates Today: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच सोमवार को एमसीक्स पर सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली। चांदी की कीमत 13606 रुपये गिरकर 2.13 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। वहीं सोने का भाव 7135 रुपये गिरकर 1.37 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वैश्विक बाजार में सोमवार को सोना और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और मजबूत डॉलर के दबाव में दोनों कीमती धातुओं में बिकवाली देखी गई।

केंद्रीय बैंकों द्वारा ब्याज दरों में जल्द कटौती की उम्मीद

कॉमेक्स पर सोने की कीमत करीब 3% गिरकर 4,462 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। गौरतलब है कि इससे पहले पिछले सप्ताह सोना लगभग 11% टूट चुका है, जो 1983 के बाद इसकी सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट मानी जा रही है। वहीं, एशियाई कारोबार के दौरान चांदी की कीमत भी करीब 3% गिरकर 67.5 डॉलर प्रति औंस तक आ गई। विशेषज्ञों के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने महंगाई की चिंताओं को बढ़ा दिया है। इससे अमेरिकी फेडरल रिजर्व समेत अन्य केंद्रीय बैंकों द्वारा ब्याज दरों में जल्द कटौती की उम्मीद कमजोर हुई है। चूंकि सोना एक नॉन-यील्डिंग एसेट है, ऐसे माहौल में इसकी मांग घटती है और कीमतों पर दबाव आता है।

 ईरान के पावर प्लांट्स पर संभावित हमले हो सकते हैं

तेल बाजार में उतार-चढ़ाव तब और बढ़ गया जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को दो दिन के भीतर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा नहीं करने पर ईरान के पावर प्लांट्स पर संभावित हमले हो सकते हैं। इसके जवाब में ईरान ने चेताया कि अगर उसके ठिकानों पर हमला हुआ तो वह इस अहम समुद्री मार्ग को पूरी तरह बंद कर सकता है और ऊर्जा, आईटी तथा जल आपूर्ति ढांचे को निशाना बना सकता है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका पश्चिम एशिया में हजारों अतिरिक्त मरीन और नौसैनिक भेज रहा है। इससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है, जिसका असर वैश्विक वित्तीय बाजारों पर साफ दिखाई दे रहा है।


संबंधित समाचार