उत्तराखंड सरकार (Uttarakhand Govt) में मंत्री रहे राजेंद्र बहुगुणा (Rajendra Bahuguna) ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। हाल ही में राजेंद्र बहुगुणा की बहू ने उन पर एक गंभीर आरोप लगाया था कि राजेंद्र ने अपनी ही पोती से छेड़खानी की है। इतना ही नहीं राजेंद्र बहुगुणा की बहू ने उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट (Pocso Act) के तहत FIR भी दर्ज कराई थी।
राजेंद्र बहुगुणा की आत्महत्या के बाद उनके बेटे ने अपनी पत्नी के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज कराया है। उनका कहना है कि उनकी पत्नी ने राजेंद्र बहुगुणा को आत्महत्या के लिए उकसाया। कहा जा रहा है कि 59 वर्षीय राजेंद्र बहुगुणा अपने खिलाफ लगाए गए इन आरोपों से बहुत ही परेशान और दुखी थे। रिपोर्ट के अनुसार, राजेंद्र बहुगुणा पानी की टंकी के पास गए और वहीं पर खुद को गोली मार ली।
खुद ही फोन करके पुलिस को बुलाया
हाल ही में उनकी बहू ने पॉक्सो ऐक्ट के तहत उनके खिलाफ केस दर्ज करवाया था। राजेंद्र ने आत्महत्या करने से पहले पुलिस को फोन करके यह जानकारी दी थी। पुलिस ने उन्हें समझाने-बुझाने की बहुत कोशिश की लेकिन वह कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे और खुद को गोली मार ली। गोली लगने के बाद मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राजेंद्र बहुगुणा के परिवार में पिछले कई समय से कलह चल रही थी। इसी के चलते उनकी बहू अपने पति से अलग दूसरे कमरे में रह रही थी। एसएसपी ने इस पर कहा है कि पुलिस इस मामले की पूरी जांच में जुटी हुई है। नारायण दत्त तिवारी (Narayan Dutt Tiwari) की सरकार में राजेंद्र बहुगुणा 2004 से 2005 के बीच राज्यमंत्री रहे थे। रोडवेज विभाग में क्लर्क के पद पर तैनात राजेंद्र बहुगुणा इसी साल 31 अक्टूबर को अपनी नौकरी से रिटायर होने वाले थे।
यह भी पढ़ें- Haridwar: पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक पुलिसकर्मी की हालत गंभीर