पीएम नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल विस्तार की कवायद तेज हो गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, अगले दो दिनों में मोदी कैबिनेट में बदलाव होने की पूरी उम्मीद है। इसी कवायद के बीच प्रधानमंत्री कार्यालय ने 8 जुलाई तक की पहले से निर्धारित सभी बैठकें टाल दी हैं। यानी 8 जुलाई से पहले निर्धारित मीटिंग अब नहीं होंगी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्रिमंडल में जगह पाने वाले सभी संभावित मंत्रियों को देश की राजधानी दिल्ली आमंत्रित किया गया है।
जानकारी के लिए आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर आज केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा के दिग्गज नेताओं की बैठक होनी थी। इस बैठक में अमित शाह, राजनाथ सिंह, निर्मला सीतारमण, धर्मेंद्र प्रधान, पीयूष गोयल, प्रह्लाद जोशी और नरेंद्र सिंह तोमर शामिल होने वाले थे। इससे पहले भी पीएम नरेंद्र मोदी भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और अमित शाह समेत कई वरिष्ठ नेताओं से मिल चुके हैं।
जानकारी के लिए आपको बता दें कि वर्ष 2019 में सत्ता में आने के बाद से ही केंद्रीय मंत्रिमंडल में कोई विस्तार नहीं हुआ है। एनडीए से अकाली दल के अलग हो जाने के बाद केंद्र सरकार में केवल भारतीय जनता पार्टी के ही मंत्री शामिल हैं। कांग्रेस का दामन छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। जानकारी के अनुसार, राजनीतिक पंडितों ने इस बात के संकेत भी दिए हैं कि बिहार में अहम सहयोगी जदयू को मंत्रालय में प्रतिनिधि मिल सकता है।
जानकारी के लिए आपको बता दें कि अगले साल 2022 में देश के कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। जिनमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर, गोवा, गुजरात और हिमाचल प्रदेश शामिल है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी अपने खाते में अधिक से अधिक वोट पाने के प्रयास में है। केंद्रीय और राज्य कैबिनेट से गायब रही कई जाति और ग्रुप पर ध्यान दिया जाने की अधिक उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- IPL नहीं बल्कि इस लीग में खेलेंगे भारतीय खिलाड़ी, कई बड़े दिग्गज जुड़ेंगे