होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

1 रन और शतक से चूके ये खिलाड़ी, टेस्ट में ऋषभ पंत सात बार हो चुके नर्वस-90 के शिकार

1 रन और शतक से चूके ये खिलाड़ी, टेस्ट में ऋषभ पंत सात बार हो चुके नर्वस-90 के शिकार

 

IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच बुधवार से शुरू होगा। इससे पहले टीम इंडिया जमकर तैयारी कर रही है। पहले टेस्ट में हार के बाद सीख लेकर भारत के पुछल्ले बल्लेबाजों से भी बैटिंग प्रैक्टिस कराई जा रही है। शुभमन गिल की अगुआई वाली टीम एजबेस्टन में जब उतरेगी, तो उसकी नजर मैच जीतकर सीरीज को 1-1 से बराबर करने पर होगी। हालांकि, एजबेस्टन में टीम इंडिया का रिकॉर्ड कुछ खास नहीं रहा है। यहां पिछले आठ में से टीम सात मैच हार चुकी है। एक टेस्ट ड्रॉ रहा है। 2022 में जब पिछली बार भारत ने यहां टेस्ट खेला था तो उस मैच में इंग्लैंड ने सात विकेट से जीत हासिल की थी। हालांकि, उस टेस्ट में भारत की ओर से दो शतक लगे थे। ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा ने पहली पारी में क्रमश: 146 और 104 रन का स्कोर बनाया था। अब इस टेस्ट में भी दोनों से उसी प्रकार की उम्मीद होगी। 

आक्रामक बल्लेबाजी से खेल को विपक्षी टीम से दूर ले जाने की कोशिश 

पंत के खेलने का स्टाइल अलग है और वह अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से खेल को विपक्षी टीम से दूर ले जाने की कोशिश करते हैं। इसी प्रयास में वह कई बार नर्वस-90 के भी शिकार हो चुके हैं। पंत टेस्ट में नर्वस-90 के तीसरे सबसे ज्यादा शिकार होने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। इस लिस्ट में सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ शीर्ष दो स्थानों पर हैं। पंत टेस्ट में अब तक सात बार नर्वस-90 के शिकार हुए हैं। इसमें एक बार तो वह 99 के स्कोर पर आउट हुए। ऐसा 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ बंगलूरू टेस्ट में हुआ था। वहीं, सचिन सबसे लंबे प्रारूप में 10 बार नर्वस-90 के शिकार हो चुके हैं, जबकि द्रविड़ नौ बार नर्वस-90 के शिकार हुए हैं। हालांकि, इन दोनों में से कोई 99 के फेर में नहीं फंसा। 99 पर पहुंचने के बाद दोनों ने हमेशा शतक जड़े। सात बार शिकार होकर पंत तीसरे नंबर पर हैं, जबकि चौथे नंबर पर संयुक्त रूप से तीन बल्लेबाज हैं। इनमें एमएस धोनी, सुनील गावस्कर और वीरेंद्र सहवाग शामिल हैं। ये तीनों पांच-पांच बार टेस्ट में नर्वस-90 के शिकार हुए। वहीं, गौतम गंभीर, सौरव गांगुली, वीवीएस लक्ष्मण, नवजोत सिंह सिद्धू, दिलीप वेंगसरकर और अजीत वाडेकर चार-चार बार नर्वस-90 के शिकार हो चुके हैं। इसके अलावा मोहिंदर अमरनाथ, चेतेश्वर पुजारा और शुभमन गिल तीन-तीन बार नर्वस-90 के शिकार हो चुके हैं।

10 भारतीय बल्लेबाज 99 के फेर में फंस चुके

अब तक कुल मिलाकर 10 भारतीय बल्लेबाज 99 के फेर में फंस चुके हैं। किसी बल्लेबाज के लिए शतक से एक रन पहले आउट होने से ज्यादा बुरा कुछ नहीं है। हालांकि, 10 भारतीय बल्लेबाज इस स्थिति से गुजर चुके हैं। पंकज रॉय टेस्ट में 99 पर आउट होने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज हैं। वह 1959 में नई दिल्ली के फिरोज शाह कोटला में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक रन से शतक से चूक गए थे। वहीं, सौरव गांगुली दो-दो बार 99 के स्कोर पर आउट हो चुके हैं। गांगुली के साथ पहली बार ऐसा 1997 में नागपुर में हुआ था। श्रीलंका के खिलाफ वह एक रन से शतक बनाने से चूक गए थे। इसके बाद 2002 में नॉटिंघम टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ वह 99 रन पर आउट हो गए थे। धोनी भी 2012 में नागपुर में इंग्लैंड के खिलाफ 99 पर आउट हुए थे। 


संबंधित समाचार