होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

पाकिस्तान में महिला टीवी एंकर की गोली मारकर हत्या, पति पर शक; पुलिस ने हिरासत में लिया

पाकिस्तान में महिला टीवी एंकर की गोली मारकर हत्या, पति पर शक; पुलिस ने हिरासत में लिया

 

Pakistan Female TV Anchor Murder: पाकिस्तान में एक महिला टीवी एंकर राबिया अहसान की हत्या से हड़कंप मच गया। राबिया अहसान की हत्या रावलपिंडी के गुलशनाबाद इलाके में स्थित उनके घर में कर दी गई। पुलिस ने घर से उनके शव को बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने उनके पति को हिरासत में लिया है। घटनास्थल से कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल हथियार भी जब्त किया गया है। राबिया एक स्थानीय प्राइवेट टेलीविज़न चैनल के लिए एंकर और प्रोग्राम होस्ट के तौर पर काम करती थीं।

वहीं रावलपिंडी सिटी पुलिस ऑफिसर हसन मुश्ताक सुखेरा ने पति को हिरासत में लेने की पुष्टि की और कहा कि जांच चल रही है। पुलिस अधिकारियों और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स ने क्राइम सीन की जांच करने के लिए घर का दौरा किया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत जुटाए।

पति ने बताया हादसा, पुलिस कर रही जांच

पुलिस अधिकारी सुखेरा के मुताबिक, घर में काम करने वाले एक पुरुष कर्मचारी ने जांचकर्ताओं को बताया कि राबिया के पति ने गोली चलने की घटना को हादसा बताया था। हालांकि, पुलिस इस दावे की जांच कर रही है। पंजाब फॉरेंसिक साइंस एजेंसी की टीमें घर से सबूत जुटा रही हैं। राबिया के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

मौत से कुछ घंटे पहले पोस्ट किया था आखिरी वीडियो

राबिया अहसान ने मौत से कुछ घंटे पहले ही अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक छोटा वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में उन्होंने साइबर धोखाधड़ी और ऑनलाइन ठगी के बारे में बात की थी। साथ ही डिजिटल मीडिया के माध्यम से लोगों के बीच जागरूकता फैलाने की जरूरत पर जोर दिया था। बता दें कि राबिया अपने करियर के दौरान हम न्यूज और जीटीवी के साथ काम कर चुकी थीं। उन्होंने 92 न्यूज चैनल में भी कार्यक्रम होस्ट किया था।

पाकिस्तान की प्रथम महिला ने जताया दुख

पाकिस्तान की प्रथम महिला आसिफा भुट्टो-जरदारी ने राबिया अहसान की हत्या पर दुख जताया है और इसकी कड़ी निंदा की है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की, ताकि घटना की सच्चाई सामने आए और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय हो सके।

राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से जारी बयान में उन्होंने एक ही महानगरीय क्षेत्र में पेशेवर महिलाओं की हत्या की घटनाओं के बढ़ते पैटर्न पर भी चिंता जताई। उन्होंने अगस्त में डिजिटल मीडिया से जुड़ी 45 वर्षीय हिना जावेद की हत्या का जिक्र किया। हिना का शव भी रावलपिंडी स्थित उनके घर में मिला था और उनके शरीर पर प्रताड़ना के निशान थे। आसिफा भुट्टो-जरदारी ने कहा कि हिना जावेद की हत्या की जांच का नतीजा भी अब तक सामने नहीं आया है।


संबंधित समाचार