Delhi Fire: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में आज बुधवार सुबह भीषण आग लगने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई। हादसे में बड़ी संख्या में लोग घायल भी हुए हैं। राहत और बचाव अभियान के जरिए 30 से अधिक लोगों को बचा लिया गया है। मालवीय नगर अग्निकांड पर पीएम नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया और हादसे में मारे गए लोगों के प्रति अपनी संवेदना जताई। साथ ही हादसों के शिकार लोगों के लिए मुआवजे का ऐलान भी किया. अमित शाह, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भी हादसे पर दुख जताया।
मालवीय नगर में लगी भीषण आग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया X पर अपने पोस्ट में कहा, “मालवीय नगर में आग लगने की घटना में लोगों की जान जाना बेहद दुखद है। हादसे में जिन लोगों ने अपने-अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी गहरी संवेदनाएं हैं। साथ ही मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने में लगा हुआ है।”
हादसे पर PM का मुआवजे का ऐलान
PM मोदी ने ऐलान किया कि हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों PMNRF के तहत हर मृतक के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। साथ ही घायलों को 50,000 रुपये की मदद दिए जाएंगे।”
साथ ही दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी मालवीय नगर हादसे पर गहरा दुख जताया. उन्होंने सोशल मीडिया X पर अपने पोस्ट में कहा, “मालवीय नगर में भीषण आग की घटना में हुई जान-माल की भारी क्षति से मैं अत्यंत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।” उन्होंने आगे कहा, मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की और इस हृदयविदारक त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों को शक्ति तथा साहस मिलने की प्रार्थना करती हूं।”
हालात पर बारीकी से नजरः CM रेखा
मुख्यमंत्री रेखा ने आगे कहा, “आग लगने की घटना की जानकारी मिलते ही, दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, DDMA, CATS एम्बुलेंस सेवा और अन्य आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों की टीमों को तुरंत सक्रिय कर दिया गया, जिन्होंने बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिए. त्वरित कार्रवाई की मदद से वहां फंसे कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और बचाने में सफलता मिली।”
हालात को लेकर मुख्यमंत्री रेखा ने कहा, “दिल्ली सरकार स्थिति पर बारीकी से नजर रखे हुए है। प्रभावित परिवारों को सभी जरूरी मेडिकल मदद और सहयोग प्रदान किया जा रहा है। दुख की इस घड़ी में, दिल्ली सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है. हम इस त्रासदी से प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदनाः राहुल
हादसे पर राहुल गांधी ने कहा, “मालवीय नगर में आग लगने से कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। सभी शोकाकुल परिजनों को मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि वो राहत और बचाव कार्य में हर संभव योगदान दें।”