Lalit Modi On Sushmita: बॉलीवुड एक्ट्रेस सुष्मिता सेन इंडस्ट्री की सबसे बेहतरीन और रिस्पेक्टिड एक्ट्रेसेस में से एक हैं। सुष्मिता ने कभी भी शादी नहीं की लेकिन उनकी डेटिंग लाइफ काफी दिलचस्प रही है। उनके अलग-अलग किरदारों की तरह ही एक्ट्रेस भी मल्टीपल रिलेशनशिप में रही हैं। सुष्मिता ने किसी से भी कभी कुछ छिपाया नहीं। उनका हर रिश्ता सुर्ख़ियों में रहा। इसी तरह साल 2022 में अभिनेत्री ने अपने फैंस को तब चौंका दिया था, जब खबर आई थी कि वो बिजनेसमैन ललित मोदी को डेट कर रही हैं।
सुष्मिता और ललित ने 2022 जुलाई में सोशल मीडिया पर एक तस्वीर पोस्ट की थी, जो रातोंरात इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गई थी। तस्वीर में आईपीएल के पूर्व चेयरपर्सन और एक्ट्रेस को एक साथ लवी-डवी होते देखा जा सकता था। इस तस्वीर के बाद ये साफ हो गया कि दोनों डेट कर रहे हैं। इस रिश्ते की वजह से सुष्मिता पर एक गोल्ड डिगर होने का आरोप लगाया गया था। अब ललित मोदी ने सुष्मिता संग अपने रिश्ते पर खुलकर बात की है।
ललित मोदी ने की सुष्मिता सेन की जमकर तारीफ
एक्ट्रेस संग अपने ब्रेकअप के लगभग चार साल बाद ललित मोदी ने ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे संग बातचीत में माना कि एक्ट्रेस संग उनका रिश्ता सच्चा था। ललित ने सुष्मिता को उनकी जिंदगी में आई आजतक की सबसे इंडिपेंडेंट औरत बताया। सुष्मिता के बारे में बात करते हुए ललित ने कहा- ‘आपको समझना होगा कि सुष्मिता एक बेहद खूबसूरत और काबिल औरत हैं। मुझे ये नहीं पता कि लोगों को ये बात पता है या नहीं लेकिन सुष्मिता के पास सबसे ज्यादा डायमंड्स हैं। मैंने इतना किसी के पास नहीं देखा। और ये उन्होंने खुद कमाए हैं।’
वो काफी पैसे वाली महिला हैं
ललित ने आगे कहा- ‘उनके पास डायमंड स्टोर्स हैं, तो वो काफी पैसे वाली हैं। ये सब उन्होंने खुद कमाया है। ऐसा एक बार भी नहीं हुआ कि हम दोनों कहीं बाहर गए और मैंने किसी चीज के पैसे दिए। उन्होंने हर चीज का पैसा दिया। मैं तो बस एक नाम का बॉयफ्रेंड था। सुष्मिता एक ऐसी महिला हैं, जिन्हें खुद पर बहुत गर्व है। मुझे भी उनपर गर्व है, मैं ये बात खुशी से कहना चाहता हूं कि वो एक सेल्फ मेड लेडी हैं और वो किसी से भी कुछ भी यूंही लेने वालों में से नहीं हैं।’