Israel Attacks Iran: मिडिल ईस्ट में शांति बहाली की तमाम कोशिशें नाकाम हो गईं और अब एक बार फिर से दोनों तरफ से ताबड़तोड़ हमले शुरू हो गए हैं. ईरानी हमलों का इजरायल ने करारा जवाब दिया है. बताया जा रहा है कि इजरायल ने सोमवार (8 जून, 2026) तड़के पश्चिमी और मध्य ईरान में स्थित सैन्य ठिकानों पर हमला किया.
इजरायल रक्षा बलों ने की हमले की पुष्टि
इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने पश्चिमी और मध्य ईरान में स्थित सैन्य ठिकानों पर हमले की पुष्टि की है. इजरायल रक्षा बलों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया. जिसमें उसने लिखा, "इजरायली वायु सेना ने कुछ देर पहले पश्चिमी और मध्य ईरान में ईरानी आतंकवादी शासन से संबंधित सैन्य ठिकानों पर हमला किया."
ईरानी हमलों का लिया इजरायल ने बदला
वहीं रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान द्वारा बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर हुए हमले के प्रतिशोध में इजरायली ठिकानों पर मिसाइलों की बौछार करने के कुछ घंटों बाद, इजरायल ने सोमवार तड़के पश्चिमी और मध्य ईरान में सैन्य ठिकानों पर हमले किए.
तेहरान समेत इन इलाकों में सुनी गई विस्फोट की आवाजें
इजरायल की ओर से ईरान पर किए गए हमलों की सोमवार तड़के धमाकों को आवाजें सुनी गई. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी मीडिया ने सोमवार तड़के बताया कि ईरान के तेहरान, तब्रीज़ और इस्फ़हान में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं.
ईरान ने की इजरायली हमलों की पुष्टि
इजरायली हमलों की ईरान ने पुष्टि की है. ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने सोमवार सुबह एक बयान में कहा कि 'जायोनी दुश्मन' ने ईरानी सीमा के भीतर हमला किया है. आईआरजीसी ने कहा कि इस हमले में हवा से दागी जाने वाली बैलिस्टिक मिसाइलों का प्रयोग किया गया. इस दौरान इस्फहान में कम से कम तीन बड़े विस्फोटों की आवाजें सुनाई दीं. इसके साथ ही तेहरान, तब्रीज और करज शहर में भी धमाके सुने गए.