होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

IPL 2020 MI vs KXIP : पहली बार दो सुपर ओवर तक चले मैच में पंजाब ने मुंबई इंडियंस को हराया

IPL 2020 MI vs KXIP : पहली बार दो सुपर ओवर तक चले मैच में पंजाब ने मुंबई इंडियंस को हराया

 

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 के 36वें मैच में सुपर ओवर में मयंक अग्रवाल के शानदार क्षेत्ररक्षण के बाद लगातार दो चौके के दम पर किंग्स इलेवन पंजाब ने पहली बार दूसरे सुपर ओवर तक चले मैच में मुंबई इंडियन्स को हरा दिया। रोमांच की प्रकाष्ठा पर पहुंचा यह मैच 20-20 ओवर के खेल के बाद टाई रहा। इसके बाद सुपर ओवर में भी दोनों टीमों ने एक समान पांच-पांच रन बनाए। दूसरे सुपर ओवर में मुंबई के लिए कीरोन पोलार्ड और हार्दिक पंड्या बल्लेबाजी के लिए आए, जबकि पंजाब के लिए क्रिस जोर्डन ने गेंदबाजी की।

मुंबई ने इस ओवर में पंड्या का विकेट गंवाकर 11 रन बनाए। इस दौरान पोलार्ड आखिरी गेंद पर बड़ा शॉट खेले, लेकिन बाउंड्री पर मयंक अग्रवाल ने शानदर क्षेत्ररक्षण से छह रन को दो रन में बदल दिया। पंजाब को जीतने के लिए 12 रन का लक्ष्य मिला था जिसके लिए मयंक अग्रवाल और क्रिस गेल बल्लेबाजी के लिए आए, जबकि मुंबई के लिए ट्रेंट बोल्ड गेंदबाजी करने आए। गेल ने पहली गेंद पर ही छक्का लगाकर मुंबई पर दबाव बना दिया। गेल ने दूसरी गेंद पर एक रन लिया, लेकिन मयंक ने तीसरी और चौथी गेंद पर चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई।

पहले सुपर ओवर में मुंबई इंडियन्स के लिए जसप्रीत बुमराह और पंजाब के लिए मोहम्मद शमी ने कमाल की गेंदबाजी की। दोनों ने इस सुपर ओपर में सिर्फ पांच-पांच रन दिए। बता दें कि मुंबई ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकट पर 176 रन बनाए। टीम के लिए क्विंटन डिकॉक (53) की अर्धशतकीय पारी के बाद आखिरी ओवरों में कीरोन पोलार्ड (12 गेंद में नाबाद 34) और नाथन कुल्टर-नील (12 गेंद में नाबाद 24) की आतिशी बल्लेबाजी से मुंबई चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। पोलार्ड और कुल्टर-नील ने आखिरी 21 गेंद में 57 रन की नाबाद साझेदारी की।

लक्ष्य का पीछा करते हुए राहुल की 51 गेंद में 77 रन की पारी के बाद भी पंजाब की टीम 20 ओवर में 176 रन ही बना सकी। राहुल की यह लगातार तीसरी अर्धशतकीय पारी रही। वही, पंजाब को 20वें ओवर में जीतने के लिए नौ रन चाहिए थे, लेकिन अनुभवी ट्रेट बोल्ट ने दीपक हुड्डा और क्रिस जोर्डन को सिर्फ आठ रन बनाने दिए। आखिरी गेंद में पंजाब को दो रन चाहिए थे, लेकिन दूसरा रन लेने की कोशिश में जोर्डन आउट हो गए और 20 ओवर के बाद मैच टाई हो गया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए राहुल ने तीसरे ओवर में ट्रेंट बोल्ट के खिलाफ तीन चौके और एक छक्का लगाकर इस ओवर से 20 रन बटोरे। जसप्रीत बुमराह ने हालांकि अपने पहले ओवर की तीसरी गेंद पर मयंक अग्रवाल को बोल्ड कर टूर्नामेंट की सबसे सफल सलामी जोड़ी को तोड़ा। उन्होंने 10 गेंद में 11 रन बनाए। गेल ने इसके बाद कुल्टर-नील पर छक्का लगाकर हाथ खोला, तो वहीं राहुल ने बोल्ट के खिलाफ एक फिर आक्रामक रुख अपनाते हुए छठे ओवर में छक्का और चौका जड़ा। पावरप्ले के बाद टीम एक विकेट पर 51 रन बनाकर बेहतर स्थिति में थी।

राहुल चाहर की गेंद पर छक्का लगाने के चक्कर में गेल बोल्ट को कैच थमा बैठे। उन्होंने 21 गेंद में दो छक्के और एक चौका की मदद से 24 रन बनाए। इसके बाद क्रीज पर आए पूरन ने चाहर और पोलार्ड के खिलाफ बड़े शॉट लगाए, लेकिन वह बुमराह की चुनौती से पार नहीं पा सके और 13वें ओवर में कुल्टर-नील को कैच थमा बैठे। उन्होंने 12 गेंद में दो चौके और इतने ही छक्कों की मदद से 24 रन बनाए। राहुल ने 14वें ओवर की पहली गेंद पर चाहर के खिलाफ छक्का लगाकर 35 गेंद में अर्धशतक पूरा किया, लेकिन इसके दो गेंद बार उन्होंने ग्लेन मैक्सवेल को खाता खोले बगैर चलता कर दिया।

राहुल को इसके बाद दीपक हुड्डा का अच्छा साथ मिला और दोनों ने 17 ओवर में टीम के स्कोर को 150 रन तक पहुंचा दिया। बुमराह ने हालांकि 18वें ओवर में राहुल को बोल्ड कर पंजाब की उम्मीदों को तगड़ा झटका दिया। इस ओवर में सिर्फ चार रन बने। इससे पहले टॉस गवांने के बाद पंजाब के कप्तान लोकेश राहुल ने एक बार फिर गेंदबाजी की शुरुआत ग्लेन मैक्सवेल (चार ओवर में बिना किसी सफलता के 24 रन) से कराई जिसमें उन्होंने सिर्फ छह रन दिए।

पिछले मैच में नाबाद अर्धशतकीय पारी खेल कर मुंबई को जीत दिलाने वाले डिकॉक ने अर्शदीप सिंह पर छक्का लगाकर लय को बरकरार रखने का संकेत दिया। इस युवा गेंदबाज ने हालांकि इसी ओवर में रोहित को बोल्ड कर दिया। उन्होंने आठ गेंद में नौ रन बनाए। शमी ने इसके बाद सूर्यकुमार यादव (शून्य) और अर्शदीप ने ईशान किशन (07) को पवेलियन भेजा। दोनों का कैच मुरुगन अश्विन ने पकड़ा। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए कृणाल पंड्या ने डिकॉक का अच्छा साथ दिया और दोनों ने एक-एक रन चुराने के अलावा बीच-बीच में बाउंड्री भी लगाए।

इस खतरनाक होती जोड़ी को रवि बिश्नोई ने कृणाल का विकेट चटका कर तोड़ा। उन्होंने 30 गेंद में 34 रन बनाने के अलावा डिकॉक के साथ चौथे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी भी की। डिकॉक ने 15वें ओवर में अश्विन के खिलाफ चौका और छक्का लगाने के बाद एक रन लेकर 39 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया।

अगले ही ओवर में हार्दिक (08) शमी का दूसरा शिकार बने। पारी के 17वें ओवर में जोर्डन ने डिकॉक को पवेलियन भेजा। पोलार्ड ने 18वें ओवर में अर्शदीप सिंह के खिलाफ लगातार दो छक्के लगाकर मुंबई की रनगति को तेज की। इस ओवर में नाथन कुल्टर-नील ने भी दो चौके लगाए। मुंबई ने इस ओवर में 22 रन बटोरे। पोलार्ड ने इसके बाद आखिरी ओवर में जोर्डन के खिलाफ भी दो छक्के और एक चौका लगाकर 20 रन बटोरे। पंजाब के लिए शमी और अर्शदीप सिंह ने दो-दो विकेट लिए।

यह भी पढ़ें- लगातार 17वें दिन पेट्रोल और डीजल के दाम में रही स्थिरता, जानें आपके शहर में क्या है रेट


संबंधित समाचार