RBI Plastic Currency Notes: कागज के फटे-पुराने और भीगे हुए नोटों से परेशान लोगों के लिए एक बड़ी और अच्छी खबर सामने आई है। भारत में बहुत जल्द आपके हाथों में प्लास्टिक (पॉलिमर) के नोट देखने को मिल सकते हैं। शुरुआत में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) 10 और 20 रुपये मूल्यवर्ग के प्लास्टिक नोट बाजार में उतारने जा रहा है।
सरकार ने इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत 10 रुपये और 20 रुपये के 1-1 अरब पॉलिमर बैंक नोट जारी करने के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। आइए जानते हैं कि ये प्लास्टिक के नोट कैसे होंगे, क्या पुराने कागज के नोट बंद हो जाएंगे और संसद में महंगाई तथा GST को लेकर सरकार ने क्या बड़े खुलासे किए हैं।
10 और 20 रुपये के प्लास्टिक नोट
RBI के केंद्रीय बोर्ड की सिफारिश के बाद सरकार ने पॉलिमर नोट छापने की मंजूरी दी है। राज्यसभा में वित्त मंत्री ने लिखित जवाब में इसकी पुष्टि की है। तो क्या पुराने कागज के नोट बंद होंगे? बिल्कुल नहीं। सरकार और RBI ने साफ किया है कि प्लास्टिक के नोट आने के बाद भी कागज के मौजूदा नोट बंद नहीं होंगे। दोनों तरह के नोट बाजार में एक साथ चलते रहेंगे।
पॉलिमर नोटों की सबसे बड़ी खासियत ये है कि ये नोट विशेष प्लास्टिक आधारित सामग्री (Polymer) से बनाए जाते हैं। इसलिए ये ज्यादा टिकाऊ होंगे। ये कागज के नोटों की तुलना में बहुत मजबूत होते हैं और जल्दी फटते नहीं हैं।
इन पर पानी, पसीने या नमी का कोई असर नहीं पड़ता। ये नोट जल्दी गंदे नहीं होते और इनकी शेल्फ लाइफ (उम्र) कागज के नोटों से कहीं ज्यादा होती है। 10 और 20 रुपये के प्लास्टिक नोटों का आना भारतीय करेंसी प्रणाली के लिए एक बड़ा कदम है। इससे न केवल कटे-फटे नोटों की समस्या कम करने में मदद मिल सकती है, बल्कि जाली नोटों पर लगाम लगाने में भी मदद मिल सकती है।