IND vs WI 3rd T20: भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच टी20 मैचों की सीरीज का तीसरा मुकाबला आज इंदौर में है। भारतीय टीम दूसरे टी20 मैच में हारकर यहां पहुंची है। सीरीज अभी 1-1 से बराबरी पर है। ऐसे में हार से उबरकर टीम इंडिया की कोशिश होगी कि वह तीसरे मैच में जीत हासिल कर मेहमान टीम पर अपनी बढ़त बनाए।
पिछले मैच में टीम इंडिया ने 249 रन बनाकर भी हार का सामना किया था। ऐसे में अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या कप्तान श्रेयस टीम में बदलाव करेंगे। क्या पिछले दो मैचों से बेंच पर बैठ रहे वैभव सूर्यवंशी को तीसरे टी20 में मौका मिलेगा। ऐसे में आइए जानते हैं मैच के लिए भारतीय टीम की संभावित प्लेइंग XI.
वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में टीम इंडिया की बल्लेबाजी शानदार रही थी। संजू सैमसन ने दमदार अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने टीम के लिए तूफानी शुरुआत की थी। ऐसे में साफ है कि टीम मैनेजमेंट ओपनिंग जोड़ी के साथ शायद ही छेड़छाड़ करे। इससे यह भी तय माना जा रहा है कि वैभव सूर्यवंशी को तीसरे टी20 में भी बेंच पर बैठना पड़ सकता है।
इसके अलावा, मिडिल ऑर्डर में टीम के लिए ईशान किशन, कप्तान श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा ने बेहतरीन खेल दिखाया था। इस तरह बल्लेबाजी में टीम इंडिया को किसी तरह की कोई समस्या नहीं दिख रही है। हालांकि, गेंदबाजी में भारतीय टीम की टेंशन जरूर बढ़ी है। दूसरे टी20 में भारतीय टीम के गेंदबाज 249 रन का बचाव नहीं कर पाए। खास तौर पर स्पिन विभाग काफी कमजोर नजर आया। ऐसे में हो सकता है कि मैनेजमेंट गेंदबाजी विभाग में कुछ विकल्प तलाशे। इसके अलावा, टीम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
तीसरे टी20 के लिए भारतीय टीम की संभावित प्लेइंग XI
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे/नितीश रेड्डी, नमन धीर, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव और मयंक यादव।