Haryana Weather Today: प्रदेश में मानसून पूरी तरह से छा गया है। वीरवार को प्रदेश के 16 जिलों में वर्षा हुई। इसमें करनाल, यमुनानगर, चरखी दादरी और गुरुग्राम आदि जगह पर तेज वर्षा हुई।
इसे लेकर पहले ही अलर्ट जारी किया गया था। वहीं, शुक्रवार को अंबाला, यमुनानगर और करनाल में तेज वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया गया है। अब आने वाले दिनों में भी वर्षा का अलर्ट है।
फतेहाबाद में धान की फसल को पानी की कमी से नुकसान
मानसून में वर्षा के चलते यमुनानगर की सोमनदी में पानी पहुंचा है। दूसरी तरफ फतेहाबाद की तरफ से मानसून की वर्षा कम होने के कारण धान की फसल पर असर पड़ रहा है। फसल को पानी चाहिए। वर्षा नहीं होने के कारण पानी नहीं मिल पा रहा है, इससे किसान परेशान है।
IMD ने कहा?
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में बुधवार शाम से वर्षा जारी है। लगातार वर्षा के चलते वहां पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। इसके चलते तापमान भी तेजी से नीचे आया है।
अंबाला में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गैप बिल्कुल कम रह गया। इसी प्रकार वर्षा के चलते गुरुग्राम पानी-पानी हो गया। करनाल में भी तेज वर्षा के कारण पानी भर गया है। मौसम विज्ञानियों ने अब आने वाले दिनों में भी तेज वर्षा का अलर्ट जारी किया है।