Donald Trump: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव जारी है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान सामने आया है। उनका कहना है कि पिछले कुछ दिनों में होर्मुज जलडमरूमध्य से लाखों बैरल तेल गुजरा है। इसके साथ ही उन्होंने ईरान की अर्थव्यवस्था को लेकर बड़ा दावा किया। उनका कहना है कि ईरान की अर्थव्यवस्था पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है और वहां महंगाई भी करीब 300 फीसदी तक पहुंच गई है। इसके साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि ईरान के तेल मंत्री ने इसलिए इस्तीफा दिया, क्योंकि देश में कोई अर्थव्यवस्था नहीं बची और न ही तेल बचा है।
मंगलवार (6 अक्टूबर) को व्हाइट हाउस के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘ईरान की हालत बेहद खराब है। उनकी अर्थव्यवस्था चरमरा गई है। वहां मुद्रास्फीति लगभग 300 प्रतिशत है। उनके तेल मंत्री ने अभी-अभी इस्तीफा दे दिया है।’ उन्होंने कहा, ‘हमारे पास कोई अर्थव्यवस्था नहीं है। हमारे पास तेल नहीं है। हमारे पास कुछ भी नहीं है।’
होर्मुज से लाखों बैरल तेल की आवाजाही
इसके साथ ही ट्रंप ने यह भी कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य से लाखों बैरल तेल की आवाजाही हुई है। उन्होंने कहा कि होर्मुज से तेल का प्रवाह पश्चिम एशिया में संघर्ष से पहले के स्तर के बराबर और कभी-कभी उससे भी अधिक स्तर पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा, ‘होर्मुज जलडमरूमध्य से भारी मात्रा में लाखों बैरल तेल पिछले कुछ दिनों में पहुंचाया गया है। हम इसे उन स्तरों पर प्राप्त कर रहे हैं, जो अब युद्ध से पहले के स्तर के बराबर हैं और कभी-कभी उससे भी अधिक हैं। और हमने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है।’
सितंबर में भी बढ़ा तेल निर्यात
अमेरिकी राष्ट्रपति का ये बयान उन खबरों के बीच आया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास जहाजों पर बढ़ते हमलों के बावजूद हाल के दिनों में खाड़ी से तेल निर्यात में काफी सुधार हुआ है। अल जजीरा ने समुद्री खुफिया कंपनी केप्लर के हवाले से बताया कि सितंबर में ईरान को छोड़कर खाड़ी देशों से तेल का प्रवाह युद्ध से पहले के स्तर के 81 फीसदी से अधिक तक पहुंच गया था। व्यापक मध्य पूर्व क्षेत्र से कच्चे तेल का निर्यात सितंबर में 14 दिनों तक युद्ध से पहले के स्तर से भी ऊपर रहा।
ईरान के तेल मंत्री ने दिया इस्तीफा
ईरान के तेल मंत्री के बारे में ट्रंप की टिप्पणियां तब आईं, जब ईरानी सरकारी मीडिया प्रेस टीवी ने बताया कि तेल मंत्री मोहसेन पाकनेजाद ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। संसद द्वारा नए मंत्री की मंजूरी मिलने तक सरकारी स्वामित्व वाली नेशनल ईरानी ऑयल कंपनी (NIOC) के CEO हामिद बोवार्ड को मंत्रालय का नेतृत्व करने के लिए नियुक्त किया गया है।
रविवार को जारी ईरानी राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा प्रकाशित एक फरमान के अनुसार, राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने पाकनेजाद का इस्तीफा स्वीकार कर लिया और बोवार्ड को कार्यवाहक तेल मंत्री नियुक्त किया।
इस्तीफे की वजह पर साफ नहीं
वहीं, पाकनेजाद के इस्तीफे का कोई कारण नहीं बताया गया। हालांकि, प्रेस टीवी ने बताया कि इससे पहले स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में यह संकेत दिया गया था कि उन्होंने ईरानी राष्ट्रपति के साथ मतभेदों के कारण इस्तीफा दिया होगा।
मीडिया रिपोर्ट्स में ईरान की सबसे बड़ी पेट्रोकेमिकल कंपनी, पीजीपीआईसी में पाकनेजाद के बढ़ते हस्तक्षेप की ओर इशारा किया गया है, जबकि कुछ रिपोर्ट्स का कहना है कि पेज़ेशकियन, पाकनेजाद द्वारा ट्रस्टियों के प्रबंधन के तरीके से असंतुष्ट थे। ट्रस्टी तेल व्यापारियों का एक नेटवर्क है. इन ट्रस्टियों पर ईरान के 10 अरब डॉलर से अधिक के तेल निर्यात का पैसा वापस नहीं करने का आरोप है।