होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

कहीं पटाखों से आग, कहीं भीषण हादसा.. दीवाली की रात राजस्थान-दिल्ली समेत देशभर में 23 मौतें

कहीं पटाखों से आग, कहीं भीषण हादसा.. दीवाली की रात राजस्थान-दिल्ली समेत देशभर में 23 मौतें

 

Diwali Fire Accident: दीवाली के उल्लास के बीच देश के अलग-अलग राज्यों से आगजनी की दिल दहला देने वाली घटनाएं सामने आईं। पटाखों की चिंगारी और शॉर्ट सर्किट जैसे कारणों से भड़की आग ने कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं।

इन हादसों में 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और कुछ लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव दल रात भर अलग-अलग इलाकों में लपटों पर काबू पाने और लोगों को सुरक्षित निकालने की जद्दोजहद में जुटे रहे।

मध्य प्रदेश में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

हादसों का सबसे गहरा असर मध्य प्रदेश में देखने को मिला, जहां दो अलग-अलग जिलों में 13 लोगों की जान चली गई। कटनी जिले में एक रिहायशी मकान में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के छह सदस्यों की दम घुटने और झुलसने से मौत हो गई, जिनमें एक दो महीने के नवजात समेत तीन मासूम बच्चे शामिल थे।

वहीं, सिवनी जिले में एक सराफा कारोबारी के घर में फैली आग ने एक 16 वर्षीय किशोर सहित परिवार के छह लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। राज्य में कुल मृतकों में पांच महिलाएं, तीन पुरुष और चार बच्चे शामिल हैं।

उज्जैन के नागझिरी क्षेत्र में दीवाली की रात दो मंजिला मकान  में आग लग गई। मकान की ऊपरी मंजिल पर परिवार के 10 सदस्य फंस गए। जिसमें 107 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई।

महाराष्ट्र में दुकानों और इमारतों में भड़की लपटें

महाराष्ट्र में भी कई जगहों से आग की भयावह घटनाएं सामने आईं, जहां धाराशिव जिले में एक किराना दुकान के ऊपर बने घर में आग लगने से एक ही परिवार के छह लोग जिंदा जल गए। पुणे में रात भर में आग लगने की 63 घटनाएं सामने आईं।

मुंबई के लोखंडवाला में हुए एक अन्य हादसे में भी एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि डोंगरी इलाके में झुग्गियों और दुकानों को आग ने अपनी जद में ले लिया।

इसके अलावा नागपुर के एक टीवीएस शोरूम में कई गाड़ियां जलकर राख हो गईं और ठाणे की एक 17 मंजिला इमारत में भी आग लगी, हालांकि गनीमत रही कि वहां कोई जनहानि नहीं हुई।

राजस्थान में पटाखों की दुकान खाक

राजस्थान के पाली जिले में पटाखों की एक दुकान में अचानक आग भड़कने से दो लोगों की मौत हो गई और तीन लोग लापता हो गए। इस हादसे की लपटों ने आसपास की तीन दुकानों और कई दोपहिया वाहनों को भी पूरी तरह जलाकर राख कर दिया।

दिल्ली में मासूम की मौत

देश की राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में आतिशबाजी के दौरान छूटा रॉकेट पटाखा सीधे 10 साल के एक बच्चे के पेट में जा लगा, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

यूपी में भी आग कहर

उत्तर प्रदेश के बांदा में एक कबाड़ के गोदाम में आग लगने से करीब 20 से 25 लाख रुपये की संपत्ति जल गई। गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके से भी आगजनी की सूचनाएं मिलीं है।

देश के बाकी हिस्सों में भी आग से बड़े पैमाने पर आर्थिक नुकसान दर्ज किया गया। जम्मू के नेहरू मार्केट में 12 से अधिक दुकानें खाक हो गईं। असम के जोनाई, सिक्किम के गंगटोक से भी आगजनी की सूचनाएं मिलीं, जहां दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया।


संबंधित समाचार