उत्तराखंड में आगामी कुंभ मेला-2027 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में तैयारियां तेज कर दी गई हैं. इसी क्रम में मंगलवार को हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन में उत्तराखंड पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई.
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन में आयोजित इस बैठक की संयुक्त अध्यक्षता अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी. मुरुगेसन और अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) एपी अंशुमान ने की. अधिकारियों ने कुंभ मेले की तैयारियों और प्रस्तावित सुरक्षा कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए.
ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी
बैठक में कुंभ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC), सीसीटीवी नेटवर्क, ड्रोन और एंटी-ड्रोन सिस्टम स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया. सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर नजर रखने के लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को भी सक्रिय करने की योजना है. इसके अलावा आतंकवाद निरोधक उपायों, साइबर सुरक्षा, बम निरोधक दस्तों की तैनाती और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई.
भीड़ और यातायात प्रबंधन की विशेष तैयारी
प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा, पैदल यात्रियों के डायवर्जन, होल्डिंग एरिया, वैकल्पिक मार्गों और आपातकालीन निकासी की व्यवस्था की समीक्षा की गई. रेलवे स्टेशनों, पार्किंग स्थलों और हाईवे पर भी यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए. कुंभ ड्यूटी के लिए पुलिस, पीएसी, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, होमगार्ड, जल पुलिस और अग्निशमन कर्मियों की आवश्यकता का आकलन करने के साथ उनके प्रशिक्षण, आवास और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई.
तैयारियों का किया स्थलीय निरीक्षण
बैठक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने मेला क्षेत्र, हरकी पैड़ी, घाटों, अस्थायी पुलों, पुलिस लाइन, रेलवे स्टेशनों और पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया. निर्माणाधीन पुलिस थानों, चौकियों और अन्य आधारभूत सुविधाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए गए. धामी सरकार की ओर से कुंभ-2027 की तैयारियों में सुरक्षा, आधुनिक तकनीक और बेहतर बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है. इन प्रयासों का उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित धार्मिक आयोजन का अनुभव उपलब्ध कराना है.