Delhi Police Commissioner: गृह मंत्रालय से आज सुबह जारी हुए एक आदेश ने पूरी दिल्ली में हलचल मचा दी। यह आदेश दिल्ली पुलिस कमिश्नर बदलने का था। दरअसल, केंद्र सरकार ने आसूचना ब्यूरो (आईबी) के पूर्व विशेष निदेशक अनुराग कुमार को शुक्रवार को दिल्ली का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 1994 बैच के अधिकारी अनुराग कुमार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने गुरुवार को आसूचना ब्यूरो से उनके मूल कैडर एजीएमयूटी (अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम एवं केंद्र शासित प्रदेश) में वापस भेजा था।
अनुराग कुमार दिल्ली के 27वें कमिश्नर होंगे
भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारी अनुराग कुमार को दिल्ली का नया पुलिस कमिश्नर (CP) नियुक्त किया गया है। वह AGMUT कैडर के 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वह दिल्ली पुलिस के 27वें कमिश्नर होंगे। वह फिलहाल, इंटेलिजेस ब्यूरो में डायरेक्टर के पद पर तैनात थे। सतीश गोलछा को दिल्ली पुलिस कमिश्नर का कार्यभार संभाले अभी 11 महीने भी पूरे नहीं हुए थे।
अगले आदेश तक दिल्ली पुलिस का नया कमिश्नर
गृह मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, अनुराग कुमार को पदभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक दिल्ली पुलिस का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है। इस नए फेरबदल के साथ ही वर्तमान में दिल्ली पुलिस की कमान संभाल रहे 1992 बैच के IPS अधिकारी सतीश गोलछा को नई जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। आदेश में निर्देश दिया गया है कि नए पुलिस कमिश्नर (अनुराग कुमार) के कार्यभार संभालते ही सतीश गोलछा अपनी अगली पोस्टिंग के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल को रिपोर्ट करेंगे।
अप्रैल 2027 में होना था रिटायरमेंट
पुलिस सूत्रों का कहना है कि लगातार दूसरी बार ऐसा हुआ है कि जब कार्यकाल पूरा होने से पहले ही कमिश्नर को बदल दिया गया है। दरअसल, जुलाई 2025 में ही IPS एसबीके सिंह को तत्कालीन पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा की रिटायरमेंट के बाद कमिश्नर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। मगर एक महीना पूरा होने से पहले ही सिंह को हटाकर गोलछा को पुलिस कमिश्नर बनाया गया था। मगर रिटायरमेंट से पहले ही उन्हें इस पद से हटा दिया गया है।