Delhi Crime News: वेस्ट दिल्ली में विदेशी नागरिकों को निशाना बनाकर चलाए जा रहे कथित फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। डीसीपी वेस्ट हरेश्वर स्वामी की निगरानी में साइबर पुलिस और इंस्पेक्टर स्पेशल स्टाफ राजेश मौर्या की टीम ने मीनाक्षी गार्डन, अजय एन्क्लेव और कीर्ति नगर में एक साथ छापेमारी कर 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी Apple/iOS और Microsoft टेक्निकल सपोर्ट के कर्मचारी बनकर अमेरिकी, कनाडाई और यूरोपीय नागरिकों से संपर्क करते थे। फर्जी पॉप-अप, सिक्योरिटी अलर्ट और अनधिकृत ट्रांजैक्शन का डर दिखाकर पीड़ितों से 149, 249 और 499 अमेरिकी डॉलर तक की रकम वसूली जाती थी।
जांच में Google Voice, X-Lite, EyeBeam, MicroSIP और UltraViewer जैसे ऐप्स के इस्तेमाल का भी खुलासा हुआ है। पुलिस ने मौके से 27 लैपटॉप, 28 मोबाइल फोन, 11 राउटर, 36 हेडफोन, 25 अडैप्टर, ₹79,200 कैश और Thar व Grand Vitara समेत दो गाड़ियां बरामद की हैं। अब बरामद डिजिटल डिवाइस की जांच के जरिए पुलिस पूरे नेटवर्क, आरोपियों की भूमिका और विदेशी नागरिकों से जुड़े वित्तीय लेनदेन की कड़ियां खंगाल रही है।