देशभर में कोरोना (Covid-19) की रफ्तार एक बार फिर लोगों को डराने लगी है। पिछले 24 घंटों में 214 लोगों की मौत हुई हैं। वहीं अब टाटा आईपीएल 2022 पर भी कोरोना का खतरा मंडराता दिख रहा है क्योंकि दिल्ली कैपिटल्स टीम के फिजियो पैट्रिक फरहार्ट कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जिसके चलते दिल्ली कैपिटल्स की पूरी टीम को होटल में ही क्वारंटीन कर दिया गया है। दिल्ली कैपिटल्स का अगला मैच पुणे में है लेकिन क्वारंटाइन के चलते टीम को होटल में ही रोक दिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट की मानें तो फिजियो पैट्रिक फरहार्ट के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद से दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ियों को 18 और 19 अप्रैल को डोर-टू-डोर कोरोना टेस्ट किए जाएंगे। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में दिल्ली कैपिटल्स का अगला मुकाबला 20 अप्रैल को पंजाब किंग्स के साथ पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में होना है। आईपीएल के इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स इस समय अंक तालिका में आठवें स्थान पर है।
आपको बता दें कि फिजियो पैट्रिक फरहार्ट को कोरोना हुआ था जिसका खुलासा होने के बाद दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ियों को आरसीबी के खिलाड़ियों से मैच के बाद हाथ मिलाने के लिए माना किया गया था।
वहीं दिल्ली कैपिटल्स की टीम के आगे के मैच को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के नियमों के मुताबिक कोरोना (COVID-19) संकट के बीच प्लेइंग इलेवन को मैदान में उतारने में विफल रहने वाली टीमों के मुकाबले को स्थगित भी किया जा सकता है। यदि यह संभव नहीं है, तो इस मामले को आईपीएल 2022 की तकनीकी समिति को भेजा जाएगा और अंतिम निर्णय लिया जाएगा। वहीं अब खबरें हैं फिजियों के बाद किसी खिलाड़ी को भी कोरोना संक्रमण हो गया है जो कि टीम के लिए एक बड़ा झटका है।
दिल्ली कैपिटल्स के TATA IPL-2022 में अब तक के प्रदर्शन की बात करें तो टीम अभी 4 प्वाइंट्स के साथ अंक तालिका में आठवें नंबर पर है। दिल्ली की टीम ने पांच मैच खेले हैं, जिनमें से दो में जीत हासिल हुई है। वहीं तीन मैचों में दिल्ली को हार का चेहरा देखना पड़ा है। दिल्ली कैपिटल्स का आखिरी मुकाबला 16 अप्रैल को आरसीबी से हुआ था। इस मैच में RCB ने दिल्ली कैपिटल्स को 16 रन से मात देकर मैच को अपने नाम किया था।
यह भी पढ़ें- सनराइजर्स हैदराबाद के उमरान मलिक ने IPL में रचा इतिहास, इससे पहले कोई नहीं कर पाया