Coolie Vs War 2: रजनीकांत की 'कुली' और ऋतिक रोशन की 'वॉर 2' सिनेमाघरों में 14 अगस्त को रिलीज हुई। स्वतंत्रता दिवस से ठीक एक दिन पहले रिलीज हुई इन दोनों फिल्मों ने लंबे वीकेंड का पूरा फायदा उठाया है। धांसू कमाई के साथ दोनों ही फिल्मों ने रिकॉर्ड बनाए। गुरुवार को हुई रिलीज से दोनों ही फिल्मों को तीन दिन का वीकेंड मिल गया है, जिसका सीधा फायदा देखने को मिल रहा है। तीन दिनों की एडवांस बुकिंग पर नजर डालें तो वो कमाल की है और ज्यादातर शोज भरे हुए हैं। पहले दिन के कमाई के आंकड़े भी जोरदार रही और इसके साथ ही दूसरे दिन की शुरुआत हो गई है। आज का दिन दोनों ही फिल्मों के लिए कैसा रहने वाला है, जानिए।
इसे मिले-जुले रिस्पॉन्स मिल रहे
ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर अभिनीत 'वॉर 2', 'पठान' या 'एक था टाइगर' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के शुरुआती कलेक्शन को पार नहीं कर पाई। हिंदी बेल्ट में केवल 29 करोड़ रुपये की ओपनिंग कलेक्शन के साथ, यह अब वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स में सबसे कम हिंदी ओपनिंग करने वाली फिल्म है। फिल्म को सबसे ज्यादा मुनाफा तेलुगु भाषा से हुआ है। वैसे फैंस को इससे काफी ज्यादा उम्मीदें थीं, लेकिन इसे मिले-जुले रिस्पॉन्स मिल रहे हैं।
पहले दिन धुंआधार कमाई के बाद दूसरे दिन रफ्तार धीमी पड़ गई
'कुली' की तरह ही 'वॉर 2' का भी हाल रहा, पहले दिन धुंआधार कमाई के बाद दूसरे दिन रफ्तार धीमी पड़ गई है। 11 बजे तक ऋतिक और एनटीआर की फिल्म ने 5.38 करोड़ रुपये कमाए हैं। इसके साथ ही कमाई का कुल आंकड़ा 57.88 करोड़ रुपये है। वहीं दूसरे दिन 'कुली' ने धीमी शुरुआत की है। पहले दिन के मुकाबले 11 बजे तक के आंकड़े काफी कम हैं। छुट्टी का दिन होते हुए भी फिल्म को उतने दर्शक फर्स्ट शो में नहीं मिले जितने पहले दिन मिले थे। 11 बजे तक फिल्म ने 6.96 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसी के साथ अब तक की कुल कमाई 71.96 करोड़ हो गई है।