CM Sukhu Holi Visit: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू होली दौरे के बीच हुए हादसे के बाद कार्यक्रम में बड़ा बदलाव किया गया है। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी का पार्टी का झंडा लगाते समय करंट लगने से निधन हो गया। इसके बाद मुख्यमंत्री का होली दौरा रद नहीं हुआ है, लेकिन शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।
सीएम सुक्खू दोपहर बाद 2.45 बजे होली पहुंचेंगे। सीएम सीधे युवा कांग्रेस नेता चंद्रमणि के घर जाएंगे व परिवार से मिलेंगे। 3.45 बजे सीएम का वापस लौटने का कार्यक्रम है। बाकी तय सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।
दो दिन का दौरा था तय
सीएम सुक्खू का 22 से 23 अक्टूबर तक होली दौरा तय था। शाम 4:30 बजे मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करना था। शाम पांच बजे मुख्यमंत्री लाके वाली माता मंदिर में दर्शन के लिए जाने का कार्यक्रम था। माथा टेकने के बाद मुख्यमंत्री होली उतराला सड़क का भी जायजा लेना था।
रिटायर्ड चतुर्थ श्रेणी कर्मी के घर रुकने का था कार्यक्रम
मुख्यमंत्री का होली मुख्यालय से पांच किलोमीटर दूर सुटकर में सेवानिवृत चतुर्थ श्रेणी कर्मी विद्याधर के घर पर रुकने का कार्यक्रम था। शाम को यहां स्कूल मैदान में सांस्कृतिक व रंगारंग कार्यक्रम होना था। जिसे अब स्थगित कर दिया गया है।