हरियाणा में मंडियों में धान की खरीद शुरू हो चुकी है, ऐसे में आज मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी करनाल की अनाज मंडी में दौरा किया। धान की ढेरी पर खड़े होकर उन्होंने किसान की धान की खरीद करवाई। दरसअल, सरकार की जो एजेंसी हैं वो सिर्फ समर्थन मूल्य तक धान खरीद कर सकती हैं जो कि 1888 है, लेकिन नए कृषि कानून के हिसाब से किसान किसी को भी कहीं पर भी धान बेच सकता है।
मुख्यमंत्री के सामने राइस शैलर में 1890 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से किसान की धान खरीदी। वहीं, पोर्टल मेरी फसल मेरा ब्यौरा पर किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर सीएम ने कहा कि किसान और आढ़ती 2 या 3 दिन और सहयोग करें, क्योंकि इस बार पोर्टल पर लोड ज्यादा है उसमें कई नई चीजें जोड़ी हैं, उम्मीद है कि वो जल्द सुचारू रूप से चल जाएगा।
वहीं, पंजाब के बाद राहुल गांधी हरियाणा आएंगे। सीएम मनोहर लाल ने राहुल गांधी के हरियाणा दौरे को लेकर कहा, 'लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात कहने का अधिकार है। हमें उसमें कोई आपत्ति नहीं है। बस इस दौरान वातावरण खराब ना हो। कानून व्वयस्था खराब ना हो तो हमें इस कार्यक्रम से कोई आपत्ति नहीं है। अगर वो झुंड बनाकर पंजाब से लोग लेकर आएंगे तो सही नहीं होगा, अगर वो हरियाणा के लोगों के साथ आते हैं तो हमें कार्यक्रम को लेकर कोई परेशानी नहीं है।'
इसके अलावा जब मुख्यमंत्री से ये पूछा गया कि क्या 3 कृषि कानूनों को लेकर JJP पर समर्थन वापिस लेने का दबाव बढ़ रहा है तो मनोहर लाल बोले कि 3 कृषि कानूनों को जेजेपी भी समझती है। कांग्रेस के लोग बिना मतलब के मुद्दा बना रहे हैं,कांग्रेस लगातार झूठ में गिरती जा रही है, कांग्रेस चाहती है कभी कुछ बदलना नहीं चाहिए। बात साफ है राहुल गांधी के हरियाणा दौरे से सियासत गर्म है, ऐसे में अभी सत्ता पक्ष और विपक्ष से कई और बयान देखने को मिल सकते हैं।
यह भी पढ़ें- भाजपा विधायक असीम गोयल का बड़ा बयान, बोले- हरियाणा में एंट्री पर राहुल गांधी का करेंगे स्वागत