होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

पूंडरी के विधायक, उनकी पत्नी और दो बेटों पर केस दर्ज, जानें पूरा मामला

पूंडरी के विधायक, उनकी पत्नी और दो बेटों पर केस दर्ज, जानें पूरा मामला

 

महिला पुलिस करनाल ने मारपीट, दहेज प्रताड़ना और पांच लाख रुपये व इनोवा क्रिस्टा गाड़ी मांगने के आरोप में पूंडरी के विधायक एवं हरियाणा पर्यटन निगम के चेयरमैन रणधीर गोलन, उनके बेटे अमन गोलन, पत्नी अनीता और बेटे अमित गोलन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में अर्बन एस्टेट करनाल की शैलजा ने बताया कि उसकी शादी 18 जनवरी 2019 को अमन गोलन के साथ हुई थी। उसकी शादी में उसके माता-पिता ने अपनी हैसियत से भी बढ़कर करीब 45 लाख की राशि खर्च की थी। विवाहिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसके पति व अन्य और अधिक दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे।

जब वह गर्भवती हुई तो उसका पति उसे लड़का पैदा करने के लिए कहने लगा। कहा कि यदि वह लड़की को पैदा करेगी तो उसे वह अपने साथ नहीं रखेगा। गर्भावस्था के दौरान उसका उसके पति ने, ससुर व अन्य ने उसका ध्यान नहीं रखा। यही नहीं उसे उचित खाना व दवाई भी नहीं दी गई। उसने बताया कि सही समय पर दवाई न मिलने के कारण उसे हाई ब्लड प्रेशर रहने लगा। इस कारण उसका पति उसे करनाल में उसके मां-बाप के यहां छोड़ आया। यहां उसने एक बच्ची को जन्म दिया। बच्ची को जन्म देने के उपरांत ससुराल पक्ष से कोई भी बच्ची को देखने के लिए नहीं आया। उसने बताया कि 10 मई 2020 को अमन गोलन के पिता ने मौजिज व्यक्तियों की एक पंचायत बुलाई। इसके बाद वे उसके घर आए और कहा कि उसने एक बच्ची को पैदा किया है जो उन पर बोझ हो गया है।

उन्होंने उसके पिता से इनोवा क्रिस्टा गाड़ी की मांग की। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके माता पिता गाड़ी का प्रबंध करने में सक्षम नहीं थे इसके बावजूद उसके पिता ने ऐसा करने का आश्वासन दिया। इस पर आरोपी अमन गोलन व अन्य परिजन उसे उसकी ससुराल पूंडरी में ले गए। इसके उपरांत आरोपी अमन गोलन ने उसे दहेज की मांग नकदी व अन्य सामान के लिए तंग करना, नीचा दिखाना तथा ताने मारना शुरू कर दिया। उसने आरोप लगाया कि 6 जून 2020 को आरोपी अमन गोलन व अन्य ने इनोवा क्रिस्टा कार व पांच लाख की मांग की दहेज की मांग की। जब उसके पिता ने आर्थिक स्थिति ठीक न होने के चलते दहेज की मांग पूरी करने से इंकार कर दिया तो आरोपी ने उसे बाल पकड़कर खींचा और उसकी सास उसे कमरे में ले गई। उसने आरोप लगाया कि उसके पति अमन गोलन और उसके जेठ अमित गोलन ने उसके साथ मारपीट की। उसके पेट पर भी लात घूंसे मारे और उसे व उसकी बच्ची को ससुराल से निकाल दिया तथा सारा दहेज का सामान अपने पास रख लिया।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि यदि मामला कैथल न्यायालय में भेजा गया तो आरोपी अपने राजनीतिक प्रभाव का प्रयोग करते हुए उसे जान से भी मरवा सकते हैं। महिला थाना पुलिस करनाल ने शैलजा की शिकायत पर उसके पति अमन गोलन, ससुर रणधीर गोलन, सास अनीता तथा जेठ अमित गोलन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसे लेकर जब हरियाणा पर्यटन निगम के चेयरमैन रणधीर गोलन से उनके मोबाइल पर बातचीत करनी चाही तो बार-बार प्रयास के बावजूद उनसे सपंर्क नहीं हो सका। ‍

यह भी पढ़ें- Amul के बाद अब Mother Dairy के दूध पर महंगाई का कहर, कल से इतने बढ़ेंगे दाम


संबंधित समाचार