गणेश उत्सव के दौरान भक्त बप्पा को अलग-अलग तरह के पकवानों और मिठाइयों का भोग लगाते हैं. मोदक के अलावा, घर पर बनी बेसन-मखाने की बर्फी भी भोग के लिए तैयार की जा सकती है. बेसन की खुशबू और मखाने का स्वाद इस मिठाई को खास बनाता है. इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत भी नहीं पड़ती. मखाना बर्फी बाकी भोग से बहुत ही अलग है, जिसे बहुत ही आसानी से तैयार किया जा सकता है. आपको बस कुछ सामग्रियों की जरूरत होगी, जो घर में आसानी से मिल जाएंगी. बाकी इसे बनाने का सही तरीका हम आपके साथ साझा कर रहे हैं. तो देर किस बात की आइए इस लेख में विस्तार से जानते हैं कि आप घर पर बेसन-मखाने की बर्फी को आसानी से कैसे बना सकते हैं.
मखाने की बर्फी रेसिपी और सामग्री
बेसन- 1 कप
मखाने- 1 कप
घी- आधा कप
चीनी- आधा कप (पिसी हुई)
दूध- आधा कप
इलायची पाउडर- आधा चम्मच
बादाम- 10
काजू- 8
गार्निश के लिए
विधि
1) सबसे पहले एक कड़ाही में थोड़ा सा घी गर्म करें. इसमें मखाने डालकर हल्की आंच पर कुरकुरे होने तक भून लें. मखाने ठंडे होने के बाद इन्हें हल्का दरदरा पीस लें.
अब उसी कड़ाही में बचा हुआ घी डालें और बेसन डालकर धीमी आंच पर भूनें. बेसन को लगातार चलाते रहें, ताकि वह नीचे से जले नहीं. जब बेसन का रंग हल्का सुनहरा हो जाए और अच्छी खुशबू आने लगे तो समझें कि यह भुन गया है.
2) भुने हुए बेसन में पिसे हुए मखाने डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद उसमें दूध डालें और मिश्रण को लगातार चलाते रहें, ताकि गांठें न पड़ें.मिश्रण थोड़ा गाढ़ा होने लगे तो इसमें पिसी हुई चीनी और इलायची पाउडर डालें.
3) इसे हल्की आंच पर तब तक पकाएं, जब तक मिश्रण कड़ाही छोड़ने न लगे. एक प्लेट या ट्रे में थोड़ा घी लगाकर चिकना कर लें। तैयार मिश्रण को इसमें डालकर बराबर फैला दें. ऊपर से कटे हुए बादाम, काजू और पिस्ते डालकर हल्के हाथ से दबा दें.
4) बर्फी को कुछ समय ठंडा होने दें और जमने के बाद इसे मनपसंद शेप में काटें और बप्पा को सर्व करें.