Tripura:त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए मतदान आज यानी 16 फरवरी सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. बता दें कि 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए कुल 259 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिसमें से महिला उम्मीदवारों की संख्या 31 है. वहीं चुनाव के लिए 31,000 मतदानकर्मी 3,327 मतदान केंद्रों पर पहुंच गए हैं। चुनाव परिणाम दो मार्च को घोषित होंगे।
चुनाव आयोग का नोटिस
वोटिंग के दौरान ट्विट करके अपने पक्ष में वोट मांगने पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने त्रिपुरा भाजपा और कांग्रेस को नोटिस जारी किया है। आयोग ने इसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन माना है। आयोग ने इस मामले में दोनों ही पार्टियों से जवाब मांगा है। वहीं चुनाव आयोग के अनुसार, दोपहर तीन बजे तक त्रिपुरा में 69.60 फीसदी मतदान हुआ है। ये आंकड़ा अभी बढ़ भी सकता है।
बता दें कि त्रिपुरा में सुबह 11 बजे तक 31.23 प्रतिशत मतदान हुआ . त्रिपुरा के पूर्व सीएम माणिक सरकार ने अगरतला में डाला वोट.
I have cast my vote at Tulsibati School under 8-Town Bordowali constituency.
— Prof.(Dr.) Manik Saha (@DrManikSaha2) February 16, 2023
My appeal to all voters of Tripura is to participate in the festival of democracy & exercise their democratic rights to build "Unnat Tripura, Shrestha Tripura". pic.twitter.com/IU7lsfaH0G
जानें किसने उतारे, कितने उम्मीदवार ?
सूत्रों के मुताबिक चुनाव में सबसे ज्यादा (55) उम्मीदवार सत्तारूढ़ भाजपा ने खड़े किए हैं जबकि उसने गठबंधन सहयोगी इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) को 5 सीटें दी हैं। हालांकि आईपीएफटी ने छह उम्मीदवार खड़े किए हैं। वाम-कांग्रेस गठबंधन में वाम मोर्चे के 47, कांग्रेस के 13 उम्मीदवार हैं। इसके अलावा टिपरा मोथा पार्टी ने 42, तृणमूल कांग्रेस ने 28 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। 58 निर्दलीय और विभिन्न छोटे दलों के 14 उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं।
टिपरा मोथा सुप्रीमो प्रद्योत देबबर्मा ने कहा, चुनाव बाद छोड़ दूंगा राजनीति
वहीं टिपरा मोथा सुप्रीमो प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा ने 16 फरवरी को त्रिपुरा विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद राजनीति छोड़ने का एलान कर लोगों को चौंका दिया। उन्होंने कहा कि इसके बाद वह कभी भी बुबागरा (राजा) के रूप में वोट नहीं मांगेंगे। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मंगलवार को एक रैली में त्रिपुरा के पूर्व शाही परिवार के वंशज ने कहा कि कई नेताओं ने भोजन, आश्रय और शिक्षा से वंचित गरीबों के अधिकारों की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ने की उनकी भावना को समझे बिना उन्हें छोड़ दिया है। टिपरा मोथा त्रिपुरा की 60 में से 42 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
बड़ी संख्या में सुरक्षाबल तैनात
त्रिपुरा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) गीते किरणकुमार दिनकरराव के अनुसार राज्य में 28,13,478 मतदाता हैं। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव के लिए राज्य में सीएपीएफ की 400 कंपनियां (30,000 सुरक्षाकर्मी) भेजी गई हैं। सीएपीएफ के अलावा, असम राइफल्स, सीमा सुरक्षा बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल और त्रिपुरा पुलिस के जवानों को भी बड़ी संख्या में तैनात किया गया है।