Onion Price: प्याज की कीमतों में हुई बढ़ोतरी का असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। खाने से लेकर सलाद तक में इस्तेमाल की जाने वाली प्याज के दाम ने लोगों को परेशान कर दिया है। प्याज की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच लोगों के मन में सवाल होगा कि आखिर एशिया की प्याज की सबसे बड़ी मंडी कहां है और वहां पर प्याज के दाम कितने हैं?
कहां है एशिया की सबसे बड़ी प्याज मंडी?
बता दें कि देश में प्याज की बड़ी थोक मंडियों में महाराष्ट्र के लासलगांव का नाम सामने आता है। ये मंडी नासिक जिले में स्थित है और इसे एशिया की सबसे बड़ी प्याज की थोक मंडी के तौर पर जाना जाता है। अब जानते हैं कि आखिर सबसे बड़ी प्याज मंडी में प्याज के दाम क्या चल रहे हैं।
कितने रुपये किलो मिल रही है प्याज?
जानकारी के मुताबिक, अगस्त 2026 में नासिक जिले में स्थित लासलगांव मंडी में प्याज के थोक रेट 40 से 42 रुपये प्रति किलो के आसपास बताए गए हैं। ऐसे में अगर एक क्विंटल प्याज के दाम की बात करें, तो यहां पर एक क्विंटल प्याज के थोक रेट करीब 4,000 से 4,251 रुपये तक हैं। हां, ये जरूर है कि प्याज के दाम उसकी क्वालिटी और साइज के मुताबिक अलग-अलग हो सकते हैं।
आखिर क्यों बढ़ रहे हैं प्याज के दाम?
आज की डेट में प्याज के दाम 55 से 60 रुपये प्रति किलो हैं। ऐसे में कई लोग प्याज के दाम बढ़ने के पीछे का कारण जानना चाहते हैं कि आखिर प्याज के दाम क्यों बढ़ रहे हैं? प्याज के दाम में हो रही बढ़ोतरी के पीछे कई वजह हैं। इनमें शामिल हैं।
- देश के कई राज्यों में लगातार मूसलाधार बारिश से फसल और खेती को नुकसान पहुंचा है।
- इसकी वजह से मंडियों में पहले की तुलना में प्याज कम मात्रा में पहुंच पा रहा है।
- वहीं, त्योहारों के समय मांग बढ़ने और बाजार में प्याज का स्टॉक कम होने की वजह से कीमतों में बढ़ोतरी हुई है।