Faridabad News: फरीदाबाद के ग्रामीण इलाके सोतई के पास सोमवार का दिन बेहद कौतूहल और डर से भरा रहा। यहां से गुजरने वाली आगरा नहर के किनारे अचानक एक विशालकाय अजगर सड़क पर आ धमका। करीब 12 फीट लंबे इस भारी-भरकम अजगर को रेंगता देख वहां से गुजर रहे राहगीरों और वाहन चालकों के हाथ-पांव फूल गए। नहर की पटरी से सटे इस रास्ते पर अजगर के आने की खबर आग की तरह फैली और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस वजह से कुछ देर के लिए सड़क पर वाहनों की रफ्तार भी पूरी तरह थम गई।
लोगों ने बनाए वीडियो, सड़क पर लगा गाड़ियों का जाम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अजगर काफी सुस्त हालत में सड़क के एक हिस्से को घेरकर बैठा हुआ था। बीच रास्ते पर इस खतरनाक जीव को देख किसी की भी आगे बढ़ने की हिम्मत नहीं हुई। दुपहिया और कार सवार लोग दूर ही रुक गए। इस दौरान कुछ युवाओं ने अपनी जान जोखिम में डालकर मोबाइल फोन से इस विशालकाय अजगर के वीडियो और तस्वीरें भी कैमरे में कैद कीं, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। गांव के बुजुर्गों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए वन्य एवं प्राणी विभाग (विंड लाइफ डिपार्टमेंट) को मामले की जानकारी दी और टीम को मौके पर बुलाने के लिए फोन किया।
गर्मी बढ़ते ही पानी और ठंडक की तलाश में बाहर आ रहे वन्यजीव
स्थानीय निवासियों का कहना है कि आगरा नहर के आसपास के बेल्ट में अजगर दिखना कोई नई बात नहीं है, लेकिन सड़क पर इस तरह सरेआम इतना बड़ा सांप पहली बार देखा गया है। इन दिनों इलाके में पड़ रही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी और चढ़ते पारे के कारण जंगली जीव परेशान हैं। जानकारों के मुताबिक, जब नहर के किनारे की झाड़ियां और गड्ढे अत्यधिक तप जाते हैं, तो ये जीव ठंडी जगहों और पानी के मुख्य स्रोत की तलाश में बाहर निकल आते हैं। यही वजह है कि यह अजगर भी रिहाइशी सीमा के नजदीक तक आ पहुंचा था।
वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले नहर में उतरा अजगर
ग्रामीणों ने बताया कि सूचना देने के बाद जब तक वन्यजीव विभाग की रेस्क्यू टीम सोतई गांव के पास पहुंचती, उससे पहले ही अजगर ने अपनी दिशा बदल ली। लोगों के शोर-शराबे और गाड़ियों की आवाजों के बीच अजगर धीरे-धीरे रेंगता हुआ वापस आगरा नहर के गहरे पानी की तरफ चला गया और ओझल हो गया। गनीमत यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान न तो अजगर ने किसी राहगीर पर हमला किया और न ही किसी उत्साही ग्रामीण ने उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। हालांकि, अजगर के पानी में जाने के बाद भी इलाके के खेतों में काम करने वाले किसानों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।