Haryana weather: हरियाणा में शुक्रवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और कई जिलों में वर्षा के साथ तेज आंधी चली। हिसार, सिरसा, भिवानी, कैथल, पानीपत और सोनीपत में वर्षा दर्ज की गई।
जबकि हांसी, हिसार, चरखी दादरी और भिवानी के कई गांवों में ओलावृष्टि हुई। अनाज मंडियों में गेहूं की ढेरियां भीग गईं। पानीपत के इसराना मंडी में वर्षा के दौरान फसल खुले में पड़ी रही। शुक्रवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 1.3 डिग्री की गिरावट हुई है। रोहतक में पारा 41.7 डिग्री तक चला गया था।
झज्जर में शेड गिरा
शुक्रवार दोपहर बाद मौसम बदलने के साथ हिसार, सिरसा, कैथल, भिवानी, पानीपत और सोनीपत में वर्षा हुई। नूंह और फतेहाबाद में बूंदाबांदी दर्ज की गई, जबकि हांसी और भिवानी के गांव लालावास, पोहकरवास, गोलागढ़, जुई, ढाब ढाणी, बिजलानाबास, चन्दाबास, पाथरवाली, शकंर ढाणी, कुडल, गांव में ओलावृष्टि हुई। तेज आंधी में झज्जर अस्पताल का शेड का हिस्सा गिर गया। कई जगह पेड़ गिरे।
मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, भिवानी और चरखी दादरी समेत कई जिलों में शाम तक वर्षा और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में बादल और हवाओं के प्रभाव से तापमान में उतार-चढ़ाव की संभावना जताई गई है।