Kennedy OTT Release: अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी फिल्म 'कैनेडी' आखिर भारतीय दर्शकों तक पहुंचने वाली है। साल 2023 में इस थ्रिलर फिल्म को कान फिल्म फेस्टिवल में करीब सात मिनट का स्टैंडिंग ओवेशन मिला था। मगर, भारत में यह फिल्म अब तक रिलीज नहीं हुई थी। अब यह फिल्म ओटीटी पर दस्तक देगी। आज रविवार को इसका ट्रेलर रिलीज हुआ है। इसी के साथ इसकी रिलीज डेट भी पता चल गई है।
फिल्म का प्रीमियर ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर होगा
फिल्म 'कैनेडी' इसी महीने रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म का प्रीमियर ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर होगा। आज जी5 के इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया गया है। इसके साथ लिखा है, 'सिस्टम ने 'कैनेडी' को एक हथियार बनाया था, पर यह वो हथियार है, जो सिस्टम से नहीं अपनी मर्जी से चलता है'। फिल्म का प्रीमियर 20 फरवरी से ZEE5 पर होगा।
फिल्म 'कैनेडी' में सनी लियोनी के अलावा राहुल भट्ट लीड रोल में
फिल्म 'कैनेडी' में सनी लियोनी के अलावा राहुल भट्ट लीड रोल में हैं। राहुल ने पुलिस अफसर का रोल निभाया है। यह एक थ्रिलर फिल्म है, जिसकी कहानी एक पूर्व पुलिस अफसर के इर्द-गिर्द घूमती है। वह सोता नहीं है और उसे काफी समय से मरा हुआ समझ लिया गया है। पुलिस ऑफिसर को इसकी परवाह नहीं है, क्योंकि वह भ्रष्ट सिस्टम के खिलाफ काम करता है। वह चुपचाप रात के अंधेरे में अपराध की गलियों में निकलता है और जुर्म-हत्याओं को अंजाम देता है। इस फिल्म की कहानी बदले पर आधारित है। कान फिल्म फेस्टिवल के अलावा 'कैनेडी' ने कई और अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में अपना सफर जारी रखा। यह फिल्म और सिडनी फिल्म समारोह में भी प्रदर्शित हुई।