Neeraj Chopra: नीरज चोपड़ा की हालिया तस्वीरों ने फैंस की चिंता बढ़ा दी है। भारत का यह स्टार एथलीट एशियन गेम्स से बाहर हो गया है। नीरज हाल ही में ग्लासगो से लौटे हैं, जहां कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में उन्हें जेवलिन थ्रो में सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा था। उसके बाद लुसाने डायमंड लीग में भी वो दूसरे स्थान पर रहे। अब उनका एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें एक व्हीलचेयर पर देखा गया है।
दरअसल, बहुत जल्द एशियन गेम्स और फिर ब्रूसेल्स डायमंड लीग फाइनल्स 4 और 5 सितंबर को खेले जाएंगे। नीरज इन दोनों प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे थे, लेकिन अभ्यास करते समय उन्हें टखने के लिगामेंट में चोट आई थी। इसी चोट की वजह से उन्हें डायमंड लीग और एशियन गेम्स से भी बाहर होना पड़ा है। यही चोट उनके व्हीलचेयर और बैसाखी के सहारे चलने की वजह बनी है।
नीरज चोपड़ा पिछली दोनों बार से एशियन गेम्स में जेवलिन थ्रो का गोल्ड मेडल जीतते आ रहे हैं। 2018 और 2022, दोनों इवेंट्स में उन्होंने गोल्ड मेडल पर निशाना साधा था। दूसरी ओर, वो 2022 से ही डायमंड लीग फाइनल्स जीतने के इंतजार में हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले ही लुसाने डायमंड लीग में 2026 सीजन का अपना बेस्ट थ्रो फेंका था। उन्होंने 88.05 मीटर का थ्रो फेंककर दूसरा स्थान हासिल किया था।
नीरज ने दिया इमोशनल स्टेटमेंट
भारतीय स्टार एथलीट ने अपनी चोट पर इमोशनल स्टेटमेंट देकर बताया कि लुसाने में सीजन का बेस्ट थ्रो फेंकने के बाद उन्हें लग रहा था कि वे धीरे-धीरे दोबारा बढ़िया लय हासिल कर रहे हैं, लेकिन अभ्यास के दौरान टखने को चोटिल कर बैठे। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों की सलाह के बाद वो इस सीजन से आराम लेने वाले हैं। फिलहाल उनका लक्ष्य पूरी तरह फिट होने का है।
उनके लिए पिछला करीब एक साल बहुत संघर्षपूर्ण रहा है। पीठ की चोट के बावजूद 2025 वर्ल्ड चैंपियनशिप में भाग लेने का असर उनके प्रदर्शन पर भी साफ दिखा। इसी कारण वो आठवें स्थान पर रहे थे। कमर की चोट के कारण वो करीब 9 महीने तक किसी कम्पटीशन में भाग नहीं ले पाए। वो दोहा डायमंड लीग में भी भाग नहीं ले पाए थे। उसके बाद उनकी वापसी हुई, लेकिन अब टखने की चोट के कारण एशियन गेम्स और ब्रूसेल्स डायमंड लीग फाइनल्स से बाहर हो गए हैं।