होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

ससुर के कत्ल की खौफनाक साजिश! बहू ने दी 6 लाख की सुपारी, पुराने नौकर ने उतारा मौत के घाट

ससुर के कत्ल की खौफनाक साजिश! बहू ने दी 6 लाख की सुपारी, पुराने नौकर ने उतारा मौत के घाट

 

Kanpur Murder Case: कानपुर के कल्याणपुर थाना स्थित रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट में दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने मृतक की बहू शालू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, जांच में शालू की भूमिका हत्या की साजिश में सामने आई है। इससे पहले पुलिस मृतक के पुराने नौकर विशाल और उसके साथी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस का दावा है कि शुरुआती जांच में हत्या के पीछे लूट के बजाय पारिवारिक तनाव और पैसों से जुड़ा विवाद सामने आया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के लिए छह लाख रुपये में सौदा तय हुआ था, जिसमें दो लाख रुपये एडवांस दिए गए थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामला कल्याणपुर के रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट का है, जहां दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की उनके फ्लैट के अंदर हत्या कर दी गई थी।

फ्लैट के अंदर विनीत का शव मिला

घटना के वक्त उनका बेटा, बहू और पोता घर से बाहर थे। परिवार के वापस लौटने पर फ्लैट के अंदर विनीत का शव मिला। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और फ्लैट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध फ्लैट के अंदर जाते दिखाई दिए। पुलिस के मुताबिक, इनमें से एक की पहचान विनीत के पुराने नौकर विशाल के रूप में हुई।

विशाल करीब छह साल पहले विनीत के यहां काम करता था, लेकिन चोरी के आरोप में उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। पुलिस का कहना है कि इसके बावजूद विशाल का परिवार से संपर्क बना हुआ था और उसके पास फ्लैट की डुप्लीकेट चाबी भी थी। विशाल अपने साथी के साथ परिवार के घर से निकलने के कुछ देर बाद फ्लैट में दाखिल हुआ। दोनों काफी देर तक अंदर रहे और विनीत के लौटने का इंतजार करते रहे।

विनीत पर चाकू से हमला किया गया

पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक फ्लैट के अंदर मौजूद रहे। इसके बाद विनीत के पहुंचने पर उन पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद और पैसों के लेनदेन से जुड़े पहलुओं की पड़ताल शुरू की। पुलिस के मुताबिक, परिवार में पैसे और खर्च को लेकर तनाव था।

इसी विवाद के चलते मृतक की बहू शालू पर हत्या की साजिश रचने का आरोप सामने आया। विनीत की हत्या के लिए छह लाख रुपये में सौदा तय किया गया था। इसमें दो लाख रुपये पहले दिए जाने और बाकी चार लाख रुपये हत्या के बाद देने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती योजना हत्या को स्वाभाविक मौत दिखाने की थी।

मौत को हार्ट अटैक जैसा दिखाने की योजना

आरोप है कि विनीत को सोते समय तकिए से दबाकर मारने और मौत को हार्ट अटैक जैसा दिखाने की योजना बनाई गई थी। उस रात विनीत बच्चों के कमरे की तरफ चले गए। वहां कथित तौर पर पहले से मौजूद विशाल और उसके साथी के सामने आने के बाद योजना बदल गई। आरोप है कि दोनों ने विनीत पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक, विशाल और उसके साथी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और जांच में मिले सुरागों के आधार पर अब पुलिस ने विनीत की बहू शालू को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस हत्या की पूरी साजिश की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। पुलिस बरामद साक्ष्यों और आरोपियों के बयानों का मिलान कर रही है। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि हत्या की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे।


संबंधित समाचार