US-Iran Conflict: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा. अमेरिकी नौसेना ने होर्मुज और ईरानी बंदरगाहों पर नाकाबंदी कर रखी है. इस बीच अमेरिकी नौसेना ने ईरानी तेल लेकर जा रहे दो टैंकरों को जब्त कर लिया. अमेरिका के इस एक्शन से ईरान भड़क उठा और उसने वाशिंगटन को जमकर खरी-खोटी सुना डाली. यूएस के इस एक्शन पर तेहरान ने निशाना साधते हुए इसे 'बीच समुद्र में हथियारों के दम पर की गई लूट' और अंतरराष्ट्रीय नियमों के खिलाफ बताया.
तेल टैंकर जब्त करने पर क्या बोला ईरान?
अमेरिकी नौसेना द्वारा दो तेल टैंकरों को जब्त करने के बाद ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने अमेरिका पर निशाना साधा और गंभीर आरोप भी लगाए. बघाई ने कहा कि अमेरिका 'समुद्री डकैती' को कानूनी रूप देने की कोशिश कर रहा है, बीच समुद्र में जहाजों को ज़ब्त करना खुलेआम लूटपाट है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया. जिसमें उन्होंने लिखा कि दुनिया अब 'समुद्री लुटेरों की वापसी' देख रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिकी अधिकारी कानूनी वारंट और सरकारी झंडे का इस्तेमाल करके इस 'अवैध लूट' को सही ठहराने की कोशिश कर रहे हैं.
अमेरिका ने तेल टैंकरों को जब्त करने को माना सही
वहीं अमेरिका ने इस तेल टैंकरों को जब्त करने की अपनी कार्रवाई को सही माना है. अमेरिका का कहना है कि उन्होंने ऐसा कर कुछ भी गलत नहीं किया है, बल्कि वे तो सिर्फ कानून लागू कर रहे हैं. अमेरिकी अधिकारी जीनिन फेरिस पीरो ने कहा कि अमेरिकी सेना ने 'Majestic X' और 'Tifani' नाम के दो ऑयल टैंकरों को ऐसे ही नहीं पकड़ा, बल्कि इसके लिए उनके पास कोर्ट द्वारा जारी किए गए वारंट मौजूद थे.