Rohtak Crime News: हिमांशु भाऊ गैंग के प्रतिद्वंद्वी सन्नी रिटौली के एक साथी की सोमवार देर शाम को रोहतक में एक हॉस्पिटल के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। फायरिंग की इस वारदात के दौरान 20-25 राउंड फायरिंग हुई। इस वारदात को 2 बदमाशों ने अंजाम दिया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआईएमएस रोहतक भिजवा दिया गया है। बता दें कि सोनीपत जिला के निजामपुर गांव का दिनेश उर्फ गोगा देर शाम को रोहतक के दिल्ली बाईपास पर पैदल ही जा रहा था। वह जैसे ही नोबल हर्ट हॉस्पिटल के बाहर पहुंचा तो तभी 2 युवक पैदल ही आए और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसके बाद वे युवक पैदल ही फरार हो गए। दिनेश उर्फ गोगा की मौके पर ही मौत हो गई।
दो गैंग के बीच दुश्मनी
जानकारी के अनुसार गोगा रोहतक जिला के गांव रिटौली निवासी सन्नी से जुड़ा हुआ था। सन्नी की हिमांशु भाऊ गैंग से दुश्मनी है। 19 दिसंबर 2025 को रिटौली गांव में शराब ठेके पर फायरिंग हुई थी। फायरिंग में हिमांशु भाऊ गैंग के बदमाश झज्जर जिला के महराणा गांव निवासी दीपांशु की मौत हो गई थी। कार में सवार होकर आए भाऊ गैंग के बदमाश अंकित बाबा गैंग के सन्नी रिटौलिया को मारना चाहते थे लेकिन वह बच निकला। दोनों ओर से हुई फायरिंग में 40 राउंड गोलियां चली थी। दरअसल जिला के रिटौली गांव में अंकित बाबा गैंग से संबंधित सन्नी रिटौली का शराब का ठेका है। वारदात की शाम को वह शराब के ठेके पर कर्मचारी अनिल के साथ मौजूद था। ठेके पर माल उतारने के लिए गाड़ी आई हुई थी। सन्नी का दोस्त रोहतक जिला के सुडाना गांव का दीपक बाहर फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार था। उसकी भी सन्नी के साथ शराब ठेके में साझेदारी है।
दीपांशु की हो गई थी मौत
इसी दौरान एक कार आई और उसमें सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। तभी दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई। दीपक की गाड़ी के शीशे टूट गए। उसके कंधे और पेट के साइड में गोली लगी। मौका देखकर सन्नी रिटौलियां वहां से भाग गया। फायरिंग के दौरान भाऊ गैंग के बदमाश झज्जर जिला के आसौदा गांव निवासी दीपांशु और रोहित को भी गोली लगी। कार में सवार उनके 3 दोस्त दोनों को इलाज के लिए झज्जर के ऑस्कर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने दीपांशु को मृत घोषित कर दिया।
हिमांशु भाई विदेश में रह कर चला रहा गैंग
गोली लगने से घायल युवक दीपक की शिकायत के आधार पर शिवाजी कॉलोनी पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा धारा 109, 190, 191(3) व शस्त्र अधिनियम की धारा के तहत केस दर्ज किया गया था।यह वारदात पुरानी रंजिश का ही नतीजा थी। हिमांशु भाऊ गैंग और अंकित बाबा गैंग में काफी समय से रंजिश चल रही है। दोनों गैंगस्टर एक ही गांव के हैं। गैंगस्टर हिमांशु भाऊ इस समय विदेश में रहकर गैंग चला रहा है। वह फर्जी पासपोर्ट के जरिए विदेश फरार हुआ था। पुलिस ने इंटरपोल की मदद से उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवा रखा है।