अमेरिका और इस्राइल साथ मिलकर ईरान और हिजबुल्ला का सामना कर रहे हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को खास दोस्त माना जाता है लेकिन पिछले कुछ वक्त से दोनों दोस्तों के बीच तनाव जारी है. इस बीच, खबरें आईं हैं कि ट्रंप ने नेतन्याहू को फोन करके जमकर फटकार लगाई है. न्यूयॉर्क पोस्ट के अनुसार, ट्रंप ने कॉल के दौरान कई बार अपशब्दों का इस्तेमाल भी किया था.
दरअसल, हाल में इस्राइल ने दक्षिणी बेरूत में आतंकवादियों पर हवाई हमले के आदेश दिए थे. इस्राइल के इस आदेश के बाद ईरान ने अमेरिका के साथ जारी बातचीत से पीछे होने की धमकी दे डाली थी. इसी बात से ट्रंप नाराज थे. एक्सियोस की रिपोर्ट की मानें तो नेतन्याहू के साथ बात करते वक्त ट्रंप बहुत ज्यादा गुस्से में थे. उन्होंने नेतन्याहू से कहा है कि वह हिजबुल्ला के खिलाफ तुरंत हमला रोकें.
एक अमेरिकी अधिकारी ने 'एक्सियोस' को इस बातचीत का ब्यौरा देते हुए ट्रंप के बयानों का सारांश बताया. अधिकारी के मुताबिक, ट्रंप ने नेतन्याहू से कहा, 'तुम पूरी तरह पागल हो चुके हो. अगर मैं न होता, तो तुम आज जेल में होते. मैं तुम्हारी जान बचा रहा हूं. इस समय हर कोई तुमसे नफरत करता है. तुम्हारी इन हरकतों की वजह से आज हर कोई इजरायल से नफरत कर रहा है.'