उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारिख जैसे-जैसे करीब आ रही है। वैसे-वैसे उत्तर प्रदेश में सियासी घमासान बढ़ता जा रहा है। राजनीतिक दलों के नेताओं का एक पार्टी छोड़ दूसरी पार्टी में जाने का सिलसिला जारी है। जहां एक तरफ सपा ने भाजपा के कई नेताओं को अपने खेमे में शामिल किया है। तो भाजपा ने भी नहले पर दहला मारा है। दरअसल समाजवादी पार्टी (SP) और मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव (Aparna Yadav) पार्टी में शामिल कर सपा को बड़ा झटका दिया है।
अपर्णा, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना यादव के बेटे प्रतीक यादव की पत्नी हैं। उनका जन्म 1 जनवरी 1990 को हुआ था। उनके पिता अरविंद सिंह बिष्ट एक पत्रकार रहे हैं। उनके पिता को सपा की सरकार में सूचना आयुक्त बनाया गया था। वहीं, उनकी मां अंबी बिष्ट लखनऊ नगर निगम में अधिकारी हैं। स्कूल के दिनों में ही अपर्णा और प्रतीक की मुलाकात हुई थी। बता दें कि अपर्णा की स्कूली शिक्षा लखनऊ के लोरेटो कॉन्वेंट इंटरमीडिएट कॉलेज से हुई है।
2011 में हुई शादी
अपर्णा ने ब्रिटेन की मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी से इंटरनेशनल रिलेशन एंड पॉलिटिक्स में मास्टर डिग्री ली है। अपर्णा और प्रतीक की सगाई 2010 में हुई थी। दोनों की शादी दिसंबर 2011 में मुलायम सिंह यादव के पैतृक गांव सैफई में हुई। दोनों की एक बेटी है, जिसका नाम प्रथमा है।
लखनऊ की इस सीट से 2017 में लड़ा था चुनाव
अपर्णा यादव ने साल 2017 का विधानसभा चुनाव लखनऊ कैंट सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर लड़ा था। उन्हें बीजेपी की रीता बहुगुणा जोशी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। उनके लिए अखिलेश यादव ने प्रचार भी किया था। जोशी के सांसद चुने जाने के बाद हुए उपचुनाव में भी बीजेपी ने यह सीट जीत ली थी। उन्हें बीजेपी की रीता बहुगुणा जोशी ने 33 हजार 796 वोट के अंतर से पटखनी दी थी। बता दें कि अपर्णा यादव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ की सार्वजनिक तौर पर तारीफ़ कर चुकी हैं।