'बुल्ली बाई एप' (Bullibai App) मामले में मंगलवार को मुंबई पुलिस की साइबर सेल ने एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस व्यक्ति की पहचान 21 वर्षीय विशाल कुमार के रूप में की गई है, जोकि इंजीनियरिंग का छात्र है और उसे सोमवार को बेंगलुरु से हिरासत में लिया गया था।
इस मामले में मुंबई पुलिस ने बताया है कि मामले में मुख्य आरोपी एक महिला है जिसे उत्तराखंड से गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपी एक दूसरे को पहले से ही जानते हैं। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी महिला बुल्ली बाई एप से संबंधित तीन अकाउंट का संचालन कर रही थी।
पुलिस ने आगे बताया कि मामले में सह आरोपी विशाल कुमार ने खालसा सुप्रीमैसिस्ट (Khalsa Supremacist) के नाम से एक एक अकाउंट शुरू किया था। इसके बाद 31 दिसंबर 2021 को उसने अन्य अकाउंट के भी नाम बदल कर सिख नामों से मिलते-जुलते कर दिए थे।
'सुल्ली डील्स' और 'बुल्ली बाई एप'
कुछ प्रमुख हस्तियों समेत सैकड़ों मुस्लिम महिलाओं की एडिट की गई तस्वीरें बिना उनकी अनुमति के बुल्ली बाई एप पर ‘नीलामी’ के लिए रखी गई हैं। यह पहली बार नहीं है ऐसा मामला दूसरी बार सामने आया है। यह पिछले साल विवादों में आए बिल्कुल ‘सुल्ली डील्स’ जैसा ही है।